Bareilly News: जून में सबसे गर्म रहा सोमवार, कल पारा 45 डिग्री पहुंचने का पूर्वानुमान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मौसम विभाग ने 12 और 13 जून को हीट वेव का जारी किया अलर्ट

बरेली, अमृत विचार। जिले का तापमान एक बार फिर से बढ़ रहा है। जून में सोमवार अब तक सबसे अधिक गर्म रहा और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 12 और 13 जून को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसके अलावा हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। मानसून 15 से 25 जून के बीच दस्तक दे सकता है।

हालांकि न्यूनतम तापमान में गिरावट से लोगों ने रात में राहत की सांस ली और शाम के वक्त बादल छाए रहने से भी कुछ राहत मिली। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री कम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार सुबह से तेज धूप खिलने से लोग दिन में गर्मी से बेहाल हो गए। पिछले पांच दिनों में अधिकतम तापमान करीब पांच डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। 

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक कि आगामी दिनों में लू के चलते अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान 10-12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। उन्होंने बताया कि जिले में 15 से 25 जून के बीच में मानसून दस्तक दे सकता है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।

ये भी पढे़ं- बरेली: चिड़ियाघर का डीपीआर जल्द तैयार करें अफसर- वन मंत्री

 

संबंधित समाचार