बरेली: धूल फांक रही 14 लाख की एक्स-रे मशीन और 4 लाख का हेल्थ एटीएम, 74 गांवों के लिए बताई थी सौगात
दीपक गंगवार, बिथरी चैनपुर। प्रदेश सरकार भले ही प्रत्येक नागरिक को उसके घर के नजदीक अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और हर व्यक्ति को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित करने के दावे कर रही हैं। हकीकत इसके विपरीत दिखाई दे रही है।
विभाग की ओर से लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी मरीजों को निजी अस्पतालों के भरोसे इलाज करवाना पड़ रहा है। बिथरी चैनपुर स्वास्थ्य केंद्र पर पांच साल पहले आई करीब 14 लाख रुपये की एक्स रे मशीन महज एक कमरे में बंद हो कर रह गई है। पांच साल बाद भी यहां अभी तक एक व्यक्ति का एक्स रे नहीं हो सका है।
पांच साल पहले सीएचसी पर एक्स रे मशीन आने पर क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी थी, अब उन्हें एक्स रे का लाभ मिल सकेगा, लेकिन अब तक एक्स रे मशीन एक कमरे में बंद है। इसे अफसरों ने लोगों के लिए बड़ी सौगात बताया था।
ग्रामीण लगा रहे 20 किलोमीटर की दौड़
स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हैं, यह सिर्फ कहने के लिए है। हकीकत में स्थिति बदहाल है।सीएचसी पर एक्स रे मशीन होने के बावजूद मरीजों को एक्स रे के लिए 20 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल जाना पड़ रहा है। ऐसे में न सिर्फ उनकी जेब पर बोझ पड़ रहा है, बल्कि समय से इलाज मिलने की भी समस्या हो रही है।
ताले में बंद हेल्थ एटीएम
14 लाख की एक्स रे मशीन के साथ करीब चार लाख का हेल्थ एटीएम भी ताले में बंद होकर रह गया है। हेल्थ एटीएम का उद्धघाटन तत्कालीन डीएम और बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने किया था। इसके बाद निरीक्षण करने तत्कालीन मंडलायुक्त भी सीएचसी पहुंची थीं। लेकिन कुछ दिन बाद ही मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं एक कमरे में बंद हैं।
74 गांवों के लोगों को मिलेगा लाभ
बिथरी चैनपुर सीएचसी से करीब 74 गांवों का जुड़ाव है। अगर,यहां एक्स रे मशीन शुरू होती है तो कुआ डांडा, तैयतपुर, पुरना पुर,बालीपुर, नवदिया झादा, नरियावल, उडला जागीर, पदारथपुर, परसौना, मयूडी खुर्द, भगवानपुर धिमरी, सिंघाई मुराबान, मल्लहपुर नवदिया हरिकिशन समेत करीब 74 गांवों के लोगों को लाभ मिल सकेगा।
टेक्नीशियन न होने के कारण दोनों मशीनें नहीं चल पा रही हैं, टेक्नीशियन की डिमांड कर दी गई है- डॉ. विवेक, सीएचसी प्रभारी, बिथरी
यह भी पढ़ें- MJPRU: नकल सामग्री के साथ पकड़े गए 59 विद्यार्थियों की परीक्षा निरस्त
