उत्तराखंड: केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों की नारेबाजी, पुतला फूंका 

उत्तराखंड: केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों की नारेबाजी, पुतला फूंका 

देहरादून। केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकारों पर शासन में असफल रहने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड के देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में सरकार का पुतला फूंका। स्थानीय एस्ले हॉल चौक पर सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए डाॅ. गोगी ने कहा कि 2014 में देश की जनता के साथ बहुत बड़ा छल हुआ। ‘बहुत हुई महंगाई की मार अब की बार मोदी सरकार’ के नारे के साथ भाजपा की सरकार सत्ता में आई और तब से लेकर आज तक पूरा देश महंगाई से त्रस्त है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें शासन के मामले में पूरी तरह असफल रही हैं। एक तरफ पेपर लीक और नीट परीक्षा में गड़बड़ी जैसे मामले हैं, जिससे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है। दूसरी तरफ टोल, दूध सहित आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। दूध और टोल के दाम तो पहले ही बढ़े थे, लेकिन चुनाव खत्म होते ही और बढ़ा दिए गए। दाल, तेल, गैस सहित सभी आवश्यक चीजें दिनबदिन महंगी होती जा रही हैं। 

महानगर अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार की विफलता का एक और हालिया उदाहरण चार धाम यात्रा में व्याप्त अव्यवस्था है। जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों और व्यवसायियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुरुआत में तो चारधाम यात्रा में व्यवस्था नाम की कोई चीज ही नहीं है। यात्रा संभालने की जगह सरकार केदारनाथ धाम में थार की व्यवस्था करने में लगी है। 

उन्होंने कहा कि पर्यावरण की दृष्टि से हमारा राज्य बहुत समृद्ध और साथ ही संवेदनशील भी है। इतनी बड़ी यात्रा अगर बेतरतीब और अव्यवस्थित तरीके से होगी तो हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का क्या होगा। सरकार को अगर कहीं कोई समस्या है तो पक्ष -विपक्ष के अनुभवी लोगों से सलाह ले जिससे एक सकारात्मक माहौल भी बनेगा और समस्याओं का समाधान भी होगा। इस मौक़े पर मुकीम अहमद पार्षद, सुनील जायसवाल, अनिल शर्मा, अरविंद गुरंग, फारुक अहमद, अर्जुन पासी, सुभाष धीमान,जयपाल सिंह, आदि उपस्थित रहे। 

ये भी पढ़ें-नैनीताल: कैंची मेले में मरीजों के लिए रहेगी हेली सेवा, धाम की स्थापना दिवस पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की उम्मीद