रुद्रपुर: आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर युवक से ठगे 13.50 लाख रुपये
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना गदरपुर के रहने वाले एक युवक से कबूतरबाजों ने आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। जब पीड़ित ने रकम वापस करने का दबाव बनाया तो दस्तावेजों के दुरुपयोग कर जेल भेजा और हत्या की धमकी देनी शुरू हो गई। पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम वमनपुरी थाना गदरपूर निवासी दर्शन सिंह ने बताया कि उसकी मुलाकात गाजीपुर मिलक खानम बिलासपुर यूपी के रहने वाले दो व्यक्तियों से हुई थी। उन्होंने उसे आस्ट्रेलिया भेजने का आश्वासन दिया कि जल्द वीजा-पासपोर्ट बनाकर देने का भरोसा जताया। जिसके बाद उसने 8 दिसंबर 2022 से लेकर 10 जुलाई 2023 तक 13. 50 लाख रुपये का भुगतान कर दिया और 12 जुलाई को दिल्ली एयरपोर्ट गया और जब 14 जुलाई को फ्लाइट पकड़ने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा तो सुरक्षा एजेंसियों ने वीजा और पासपोर्ट दोनों ही फर्जी बताते हुए इंडिया वापस कर दिया।
आरोपियों से जब दी गई रकम वापस मांगी तो दोनों ही आरोपी वास्तविक दस्तावेजों का दुरुपयोग कर जेल भेजने और हत्या किए जाने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एसएसपी से मुलाकात की और शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। जिस पर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने आश्वासन दिया कि कबूतरबाजी प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी
