लखनऊ: घैला पुल के पास मिला लापता प्रॉपर्टी डीलर का शव, तीन दिन पहले हुआ था लापता, गुडंबा थाने में दर्ज थी गुमशुदगी
लखनऊ, अमृत विचार। गुडंबा के सिकंदरपुर निवासी प्रॉपर्टी डीलर चंदन यादव (35) का शव शनिवार दोपहर को घैला पुल के पास नदी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, चंदन तीन दिन से लापता था। परिजनों ने गुडंबा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिवार वालों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
सिकंदरपुर निवासी प्रापर्टी डीलर चंदन यादव बुधवार को घर में कहासुनी के बाद बिना किसी से कुछ बताए घर से निकल कर कहीं चले गए। देर रात तक वापस न आने पर परिवार वालों ने उनकी तलाश की पर कुछ पता नहीं चला। गुरुवार को गुडंबा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शनिवार सुबह आईआईएम रोड घैला पुल के पास एक युवक का शव उतराता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त गुडंबा के चंदन यादव के रूप में हुई। परिवार में पत्नी अंकिता व दो बच्चे हैं। इंस्पेक्टर गुडंबा नितीश श्रीवास्तव के मुताबिक परिवार वालों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: नैनीताल बैंक बेचने के विरोध में हड़ताल, अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
