बदायूं: सांप ने दो सगी बहनों को डसा, एक की मौत...दूसरी की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आसफपुर, अमृत विचार: रात में घर पर सो रही 12 वर्षीय बालिका को सांप ने डस लिया। बालिका की मौत हो गई। परिजन अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सांप ने बालिका की सगी बहन को भी डस लिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बालिका की मौत पर परिवार में कोहराम मचा है। 

मामला थाना फैजगंज बेहटा के कस्बा आसफपुर का है। कस्बे के रहने वाले महेश चंद्र शर्मा ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनके तीन बेटियां और एक बेटा है। मंगलवार रात उनकी छोटी बेटी अन्नपूर्णा (12) घर के बरामदे में सोई हुई थी।

रात लगभग ढाई बजे घर मे अचानक आए सांप ने अन्नपूर्णा को डंस लिया। बच्ची के चीखने पर परिजन जाग गए। उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले गए लेकिन बच्ची की हालत खराब होती गई और बुधवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वह उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी ही कर रहे थे कि उसकी अन्नपूर्णा की 18 वर्षीय बड़ी बहन महिमा को भी घर के अंदर सांप ने डस लिया।

घर मे मौजूद लोगों ने तत्काल महिमा को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया लेकिन यहां पर एन्टी वेनिम इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने पर उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां उसका इलाज चल रहा है। 12 घंटे में बेटियों के साथ दो हादसे से महेश चंद्र शर्मा बदहवास हो गए हैं। बुधवार देर शाम परिजनों ने मृतक बालिका अन्नपूर्णा का कछला गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।

ये भी पढ़ें- बदायूं: रेत-बजरी पर फिसलकर गिरी बाइक, वाहन के कुचलने से युवक की मौत

संबंधित समाचार