Kanpur Weather: शहर के कई इलाकों में हुई बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत, उमस ने किया बेहाल, मौसम विभाग ने जताई यह आशंका...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। मंगलवार दोपहर को शहर के कई क्षेत्रों में बारिश हुई, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिली। लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं छिटपुट बारिश के चलते वातावरण में उमस भी देखने को मिली। दोपहर तीन बजे के करीब तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया। 

इससे पहले सोमवार को साउथ सिटी के कई मोहल्लों में बारिश हुई लेकिन उत्तर शहर सूखा रहा। थोड़ी बारिश के चलते उमस और बढ़ गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डि.से. ऊपर चढ़कर 36.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार तीन दिन में मानसून सेट होने के आसार हैं। 

सोमवार को करीब 5 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चली। दोपहर दो बजे के बाद बदली के बाद काली घटाएं आ गईं। पनकी से लेकर रामादेवी तक कानपुर दक्षिण के कई मोहल्लों में बारिश ने लोगों को मजा दिया। लेकिन गुमटी, पी. रोड, हैलट, स्वरूपनगर, आर्यनगर आदि क्षेत्रों में बारिश हुई ही नहीं। 

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से अधिक चल रहे हैं। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री ऊपर चढ़कर 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। हल्की बारिश से नमी का प्रतिशत बढ़ा है। करीब 3 मिलीमीटर बारिश शहर में रिकार्ड की गई है। आने वाले दिनों में बदली रहेगी। 28 जून तक आंधी के साथ ही बारिश की संभावना है। 

मानसून इस हफ्ते देगा दस्तक 

मौसम वैज्ञानिक डा. पांडेय की मानें तो मानसून इसी हफ्ते शहर में दस्तक देगा। प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। तीन दिनों के भीतर प्रदेश में मानसून सेट होने के आसार हैं। 

यह तापमान रहने की संभावना 

तिथि :  अधिकतम : न्यूनतम 
26 जून :  35 डि.से. : 28 डि.से.
27  जून :  35 डि.से. : 27   डि.से.

यह भी पढ़ें- Kanpur News: ताबड़तोड़ चेन लूट की वारदात...बाइक से पुलिस गश्त की खुली पोल, अब तक नहीं हो सके इन वारदातों कै खुलासे

 

संबंधित समाचार