बरेली: सरकारी जमीन से नहीं हटा कब्जा तो कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे किसान, कार्रवाई की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: भारतीय किसान यूनियन ने फतेहगंज पश्चिमी में सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग अधिकारियों से की है। इसको लेकर उन्होंने कमिश्नर और डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा है कि 10 दिन में कार्रवाई नहीं की गई तो कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।

बुधवार को यूनियन के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष तेजपाल गंगवार की अगुवाई में गन्ना सोसायटी में बैठक की। इस में किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके बाद कमिश्नरी पहुंचकर अपर आयुक्त न्यायिक प्रीति जायसवाल को ज्ञापन सौंपा। तदुपरांत कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को संबोधित ज्ञापन पीसीएस अफसर उदित पवार को साैंपा। 

जिलाध्यक्ष तेजपाल गंगवार ने बताया कि फतेहगंज पश्चिमी की ग्राम पंचायत मनकरी में कुछ लोगों ने सरकारी जमीनों पर कब्जा कर लिया है। यह भी आरोप लगाया कि सरकारी जमीन, ग्राम पंचायत और तालाब की जमीन पर कब्जे कर लिए गए हैं। कहा है कि 10 दिन के अंदर जमीन को कब्जे से मुक्त नहीं कराया गया तो जुलाई में मासिक बैठक के बाद कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। इस दौरान जयपाल, राजेश, संध्या, रामचंद्र यादव आदि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- बरेली: विजिलेंस की टीम ने किला में बोला धावा, 11 घरों से पकड़ी बिजली चोरी...FIR

संबंधित समाचार