Bareilly Gang War: उठ रहे हैं सवाल....अब तक क्यों गिरफ्तार नहीं हुआ राजीव राणा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पीलीभीत बाईपास पर भीषण गोलीकांड के मुख्य आरोपी राजीव राणा की लोकेशन बुधवार को प्रयागराज में मिली। मंगलवार को वह उत्तराखंड के काशीपुर में था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह इलाहाबाद हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत लेने की फिराक में हो सकता है। इस बीच जिस तरह लगातार लोकेशन मिलने के बावजूद राणा की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है, उससे पुलिस पर सवाल उठने लगे हैं।

पीलीभीत बाईपास पर एक प्लॉट पर कब्जे के लिए 22 जून की सुबह करीब छह बजे भारी संख्या में बदमाशों ने फायरिंग करते हुए मार्बल की दुकान पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया था। करीब दो घंटे तक जबर्दस्त फायरिंग के दौरान सौ से ज्यादा गोलियां दागी गई थीं। 

इस मामले में एक पक्ष से राजीव राणा, पूर्व विधायक पप्पू भरतौल और दूसरे पक्ष से आदित्य उपाध्याय समेत 50-60 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। दूसरे पक्ष के आदित्य उपाध्याय और उसके पिता को तो शनिवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन हमला करने का मुख्य आरोपी राजीव राणा और उसका प्रमुख सहयोगी हिस्ट्रीशीटर केपी यादव अब तक फरार है।

पहले दिन राणा की लोकेशन खीरी के मैगलगंज, फिर उत्तराखंड के काशीपुर और अब बुधवार को प्रयागराज में मिली है। पुलिस को शक है कि वह इलाहाबाद हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत लेने की फिराक में हो सकता है। हालांकि राणा की अब तक गिरफ्तारी न होने से खुद पुलिस पर सवाल उठना शुरू हो गया है कि जिस तरह पहले वह उस पर मेहरबान रही है, वैसे ही इस बार भी उसे जमानत लेने का मौका दे रही है।गोलीबारी कर प्लॉट पर कब्जे की साजिश के सूत्रधार राजीव राणा और केपी यादव ही माने जा रहे हैं। 

कहा जा रहा है कि इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद ही इस घटना में पर्दे के पीछे शामिल सफेदपोशों की भूमिका का खुलासा हो पाएगा। बता दें कि पूर्व विधायक पप्पू भरतौल तो इस मामले में नामजद हैं ही, खुद राणा ने एक वीडियो जारी कर उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी पप्पू का भी साजिश में हाथ बताया था।

पूरे शहर को दहलाने वालों को सलाखों के पीछे भेजना नए एसएसपी के लिए होगी बड़ी चुनौती
शहर में पहली बार भूमाफिया के बीच हुई गैंगवार में भाजपा के पूर्व विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल और उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल का नाम सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है। नए एसएसपी अनुराग आर्य के लिए यह बड़ी चुनौती होगी कि वह सत्ता में घुसपैठ रखने वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई कर पाएं। बृहस्पतिवार सुबह नए एसएसपी कार्यभार संभालेंगे। इस बीच शनिवार सुबह हुई फायरिंग के वीडियो पांचवें दिन भी सोशल मीडिया पर चलते रहे।

सीके वैली होटल के मैनेजर से लेकर वेटरों तक ने चलाई थीं गोलियां, तीन और पकड़े
इज्जतनगर थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि जिस सीके वैली होटल में हिस्ट्रीशीटर केपी यादव ठहरा था, उस होटल के के मैनेजर से लेकर नौकर तक गोलीकांड में शामिल थे। गिरफ्तार कर जेल भेजा गया मनोज कटियार होटल का मैनेजर था जिसने गैंगवार के दौरान खुद लगातार फायरिंग की थी। वह एक कार में दो लोगों को लेकर प्लाट पर कब्जे की शुरुआत के ही समय पहुंच गया था। 

मंगलवार को पुलिस ने मनोज कटियार, नमन गोस्वामी और हर्ष शर्मा को गिरफ्तार किया था। बुधवार को तीनों को जेल भेज दिया गया। हिस्ट्रीशीटर अनुज मिश्रा और एक अन्य आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। तीन आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - अनिता चौहान, सीओ थर्ड

ये भी पढे़ं- बरेली गैंगवार: आज राणा के होटल सील करेगा बीडीए, गिराने से पहले दो बार देगा 15-15 दिन का समय

 

संबंधित समाचार