बरेली: प्यारा सजा दरबार, भक्तों की लगी कतार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मंदिरों में नवरात्र की सप्तमी पर मां दुर्गा के सातवें स्वरूप देवी कालरात्रि की पूजा की गई। शुक्रवार की सुबह से ही मंदिरों में दर्श-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया था जो दोपहर में मंदिर के कपाट बंद होने तक जारी रहा। ज्‍योतिषाचार्य सुमित मिश्रा के अनुसार, शक्ति की अधिष्ठात्री मां जगदंबा …

बरेली, अमृत विचार। मंदिरों में नवरात्र की सप्तमी पर मां दुर्गा के सातवें स्वरूप देवी कालरात्रि की पूजा की गई। शुक्रवार की सुबह से ही मंदिरों में दर्श-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया था जो दोपहर में मंदिर के कपाट बंद होने तक जारी रहा।

ज्‍योतिषाचार्य सुमित मिश्रा के अनुसार, शक्ति की अधिष्ठात्री मां जगदंबा की पूजा-अर्चना के पर्व शारदीय नवरात्र के सातवें दिन देवी के सप्तम स्वरूप कालरात्रि के दर्शन-पूजन का विधान है। काल का विनाश करने की शक्ति के कारण इन्हें कालरात्रि कहा गया। देवी कालरात्रि का स्वरूप विकराल किंतु अत्यंत शुभ है। मान्यता है कि देवी कालरात्रि अकाल मृत्यु से बचाने वाली और भय बाधाओं का विनाश करने वाली है। देवी पंडालों में रंगीन रोशनी के बीच भक्तों ने मैया के दर्शन किए।

कालीबाड़ी स्थित मां काली मंदिर, चौरासी घंटा मंदिर, नवदुर्गा मंदिर में नारियल, चुनरी, बताशा, फूल आदि देवी प्रतिमा पर समर्पित किये। छावनी स्थित धोपेश्वरनाथ मंदिर में दुर्गा सप्तशती का पाठ और हवन-पूजन हुआ। श्रद्धालुओं ने मन्नतें पूरी होने पर मां को भोग लगाया।

बता दें कि इस बार श्राद्ध के बाद अधिमास लगने के कारण नवरात्र एक महीने देरी से शुरू हुए हैं। शारदीय नवरात्र को लेकर घरों और मंदिरों में मां के दरबार सजे हुए हैं। कोरोना संक्रमण के चलते मंदिरों में सादगी से पूजा-अर्चना की जा रही है। नवदुर्गा मंदिर के पुजारी योगी किशोर नाथ ने कहा कि नवरात्र में रोजाना भक्तों की संख्या बढ़ रही है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर ही पूजा-अर्चना करवाई जा रही है। चौरासी घंटा मंदिर के पुजारी रविंद्र मोहन ने कहा कि पहले की तरह की भक्त इस बार भी नवरात्र में आए हैं। कोरोना के चलते भक्तों को विशेष ख्याल रखा जा रहा है।

शिव मंदिर में हुआ जागरण
ग्राम खेड़ा मुड़िया अहमदनगर स्थित शिव मंदिर में शुक्रवार को माता रानी का जागरण किया गया। इस दौरान भगवान के स्वरूपों की भव्य झाकियां प्रस्तुत की गईं। इस मौके पर अररुण यादव, अजय यादव, सुमित यादव, सत्यपाल यादव, विजय यादव, अर्जुन यादव, अनिल यादव, बीडीसी मेंबर दिलीप यादव,जगबीर सिंह जग्गा, देवेंद्र उर्फ पंडित, लोटन सिंह, स्वामी यादव, उमेश यादव, हरिशंकर, राहुल आदि लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार