बागेश्वर: नहरों में पानी न होने से खेत लगे सूखने, महिलाओं ने सिंचाई कार्यालय में किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। सिंचाई विभाग नहरों में पानी नहीं चला पा रहा है, जिससे खेत सूखने लगे हैं। परेशान महिलाओं ने सोमवार को गरुड़ के सिंचाई उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पानी नहीं चलाया तो कार्यालय में तालाबंदी कर दी जाएगी।

जनपद में गरुड़ क्षेत्र खेती के क्षेत्र में प्रमुख स्थान रखता है। यहां के अधिकांश परिवारों की आय का साधन खेती ही है। इन दिनों धान की रोपाई का कार्य चल रहा है। परंतु सिंचाई विभाग नहरों में पानी चलाने में नाकाम साबित हो रहा है, जिससे खेत सूखने लगे हैं। परेशान तैलीहाट गांव की महिला काश्तकारों ने सोमवार को धरना दिया।

महिलाओं ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर कार्य न करने का आरोप लगाया। पूर्व ग्राम प्रधान कमला देवी ने कहा कि रोपाई का समय जा रहा है, नहरों में पानी नहीं है। आज तक नहरों की सफाई नहीं की गई है। कहा कि अगर तीन दिन के अंदर नहरों में पानी नहीं चलाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा तथा सिंचाई विभाग के कार्यालय में तालाबंदी कर दी जाएगी।

कमला काला ने कहा कि धान बीज को सूखने से बचाने के लिए पंप से सिंचाई की थी लेकिन आज रोपाई के लिए पानी नहीं है। धरना-प्रदर्शन में कमला देवी, रजनी देवी, मोहनी देवी, पुष्पा देवी, विमला देवी, कविता देवी, तारा देवी, सुशीला देवी आदि लोग मौजूद रहे। इधर सहायक अभियंता महेश चंद्र पुनेठा ने बताया कि जल्द नहर में पानी चला दिया जायेगा।

संबंधित समाचार