Hamirpur: वृद्ध की सोते समय धारदार हथियार से हत्या; दूसरे कमरे में सो रहा पुत्र हुआ गायब, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर, अमृत विचार। थाना सुमेरपुर कस्बे में बुधवार रात अज्ञात लोगों ने वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या कर दी। उसके सिर और पैर में गंभीर चोट मिली। वहीं छत पर सो रही पत्नी जब सुबह नीचे उतरी तो हत्या की जानकारी हो सकी। 

मौके पर एएसपी मायाराम वर्मा फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के बड़े बेटे ने कहा कि खेत बेचने का विवाद चल रहा था। घटना के बाद से मृतक के साथ रहने वाला पुत्र गायब है। परिजनों ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

सुमेरपुर थानाक्षेत्र के कैथी गांव निवासी धनीराम (55) पुत्र जागू वर्मा करीब तीस साल पूर्व गांव से आकर कस्बे के वार्ड नंबर तीन में घर बनाकर रहने लगा था। बुधवार की रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी। पत्नी उमा ने बताया कि रात में खाना खाकर वह कमरे में सो गए थे। सामने वाले कमरे में पुत्र धर्मेंद्र कुमार लेटा था। रात में गर्मी अधिक होने के कारण वह छत पर रात करीब एक बजे सोने चली गई। 

सुबह जब वहां से नीचे आई तो पति खून से लथपथ पड़े थे। इस पर बगल के घर में रह रहे बेटे सुनील कुमार को बुलाया। पिता के शव को देख उसने पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष राकेश कुमार पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक मायाराम वर्मा व सीओ सदर राजेश कमल मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी एकत्र की। 

इसके साथ ही फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए। बड़े पुत्र सुनील कुमार ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। घटना के बाद उसका छोटा भाई धर्मेंद्र कुमार घर से गायब है। इस पर उसने किसी अनहोनी की आशंका जताई है। वहीं घटना के बाद धर्मेंद्र कुमार के घर से गायब होने पर पुलिस का शक उसकी ओर है।

मृतक के बेटे सुनील ने बताया कि भाई राजकुमार व अमित कुमार परदेश में रहकर मेहनत मजदूरी करते है। बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि धर्मेंद्र बांदा में रहकर ट्यूशन पढ़ाकर खुद नौकरी के लिए तैयारी करता है। गर्मियों की छुट्टियों के कारण वह इस समय माता-पिता के साथ ही रह रहा था।

यह भी पढ़ें- Unnao: घर के दरवाजे पर बैठे युवक को मारी गोली, हालत गंभीर, पैसों के लेनदेन को लेकर था विवाद, तीनों आरोपी फरार

 

संबंधित समाचार