Kanpur Weather Today: पांच दिन बारिश की संभावना, उमस बनी मुसीबत...बारिश के चलते तापमान सामान्य से नीचे चल रहा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बारिश के चलते तापमान सामान्य से नीचे चल रहा

कानपुर, अमृत विचार। मौसम विभाग के अनुसार मिट्टी की सेहत के लिए मानसूनी बारिश मुफीद है। बारिश से तापमान तो सामान्य से नीचे चल रहा है लेकिन उमस परेशान कर रही है। आगामी पांच दिनों में भी बारिश की संभावना है। 

लंबे समय तक चलने वाली यह बारिश कानपुर मंडल के क्षेत्रों के लिए कई महत्वपूर्ण लाभ लेकर आएगी। किसानों की सूखी भूमि पानी से भर जाएगी। अच्छी बारिश के बाद ही उमस से राहत मिलने की संभावना है। शुक्रवार को 1.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। 

यह जानकारी देते हुए चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. खलील खान बताते हैं। अब तक हुई बारिश मृदा की सेहत को बेहतर करेगी। जिससे उपज की गुणवत्ता भी अच्छी होगी। सीएसए के मौसम विभाग के विशेषज्ञ बताते हैं कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की संभावना है।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डि.से. नीचे गिरकर 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.2 डिग्री नीचे जाकर 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आर्द्रता अधिकतम 91 एवं न्यूनतम 75 फीसद दर्ज हुई है। जिससे उमस परेशान कर रही है। 3.5 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली उत्तर-पूर्वी हवा के बीच 1.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। अगले पांच दिनों में मध्यम से भारी वर्षा होने के आसार हैं।

संबंधित समाचार