हल्द्वानी: प्रेमिका बालिग हुई तो शादी से मुकर गया प्रेमी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रेमिका नाबालिग थी, तब प्रेमी ने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए। प्रेमिका बालिग हुई और जब शादी के लिए कहा तो प्रेमी मुकर गया। इस मामले में बालिग प्रेमिका ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। 

काठगोदाम थाना क्षेत्र में रहने वाली लड़की ने बताया कि उसके लंबे समय से एक युवक से प्रेम संबंध थे। जब संबंध बने तो लड़की नाबालिग थी। नाबालिग रहते वक्त युवक ने उससे कहा कि जब वह बालिग होगी तो वह उससे शादी कर लेगा। यही झांसा देकर उसने लड़की से शारीरिक संबंध बनाए।

इधर, कुछ वक्त पहले लड़की बालिग हुई और जब उसने शादी का वादा याद दिलाया तो प्रेमी मुकर गया। प्रेमिका के कई बार गिड़गिड़ाने पर भी वह नहीं माना। जिसके बाद लड़की ने काठगोदाम पुलिस को तहरीर दी। काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

संबंधित समाचार