बरेली: कोर्ट के आदेश का अनुपालन न करने पर पुलिस आयुक्त गाजियाबाद को नोटिस
बरेली, अमृत विचार। चेक बाउंस मामले में अभियुक्त के विरुद्ध गैर जमानती वारंट, फरार घोषित किए जाने के कोर्ट के आदेश का अनुपालन न कराने पर स्पेशल जज एनआई एक्ट कोर्ट हरिहर प्रसाद यादव ने पुलिस आयुक्त गाजियाबाद को कारण बताओ नोटिस भेजा है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर आठ अगस्त को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है।
वादी के वकील मनोज बाबू गंगवार के अनुसार न्यायालय में वर्ष 2021 में सिविल लाइंस स्थित टीम इंजीनियर्स के पार्टनर भुता के केसरपुर निवासी मनोहर सिंह ने चेक बाउंस होने पर गाजियाबाद इंद्रिरापुरम निवासी प्रदीप कुमार के विरुद्ध स्पेशल कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया था। दोनों के बीच रेत खदान से जुड़े व्यवसाय के सिलसिले में रुपये का लेनदेन हुआ था।
प्रदीप ने मनोहर सिंह को 25-25 लाख के दो चेक दिए थे। उन्होंने ने 1 सितंबर 2020 को बैंक शाखा में जब चेक लगाए तो बाउंस हो गए। अदालत ने प्रदीप के कोर्ट में हाजिर न होने पर गैर जमानती वारंट/फरार होने के आदेश के निष्पादन का आदेश गाजियाबाद कोतवाली इंद्रिरापुरम के प्रभारी निरीक्षक और एसएसपी गाजियाबाद को दिए थे, लेकिन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश नहीं किया। आदेश का अनुपालन नहीं कराया गया।
ये भी पढ़ें-बरेली: बर्दाश्त नहीं होगा किसानों का शोषण, नकली बीज बेचने वालों पर करें सख्ती- कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही
