पीलीभीत: कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचा मगरमच्छ तो मच गया हड़कंप, वनकर्मियों ने किया रेस्क्यू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत,अमृत विचार: बारिश के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में मगरमच्छ देखे जाने से हड़कंप मच गया। जानकारी लगते ही मगरमच्छ देखने वालों की भीड़ जमा होने लगी। सूचना पर पहुंचे सामाजिक वानिकी प्रभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रेस्क्यू कर लिया। जिसके बाद मगरमच्छ को माला नदी में छोड़ दिया गया।

बरसात के दिनों में देवहा और खकरा नदी के किनारे अकसर ही मगरमच्छ देखे जाते हैं। एक दिन पूर्व ब्रह्मचारी घाट के पास मगरमच्छ देखे जाने से हड़कंप मच गया था। हालांकि कुछ देर बाद मगरमच्छ नदी में चला गया। इधर रविवार सुबह बारिश के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में विकास भवन के गेट के समीप मगरमच्छ देखे जाने से हड़कंप मच गया। जानकारी लगते ही तमाम लोग मौके पर जमा हो गए।

बताते हैं कि कुछ शरारती तत्वों मगरमच्छ पर ईंट-पत्थर भी फेंकना शुरू कर दिया। इस बीच किसी ने इसकी सूचना सामाजिक वानिकी प्रभाग को दी। सूचना मिलते ही सामाजिक वानिकी प्रभाग के डिप्टी रेंजर शेर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रेस्क्यू कर लिया। डिप्टी रेंजर शेर सिंह ने बताया कि रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ को माला नदी में छोड़ दिया गया है।

संबंधित समाचार