लखीमपुर खीरी: शारदा का रौद रूप जारी...146 गांव बाढ़ की जद में आए, 100 मीटर कटी रेल पटरी
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। तराई इलाके के पलिया और निघासन क्षेत्र में शारदा और धौरहरा क्षेत्र में घाघरा नदी का रौद रूप मंगलवार को भी जारी रहा। लगातार बढ़ रहे पानी की वजह से करीब 146 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। पलिया-निघासन मार्ग पर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया है। खतरे को देखते हुए इस मार्ग पर भी पुलिस ने आवागमन बंद कर दिया है। वहीं पलिया के अतरिया के निकट 100 मीटर से अधिक रेल पटरी कट गई है।

पलिया नगर के मोहल्लों में करीब तीन फीट बाढ़ का पानी भरा हुआ है। इससे पलिया की करीब 60 हजार आबादी प्रभावित हुई है और पलिया नगर टापू बनकर रह गया है। शारदा और घाघरा नदी की विभीषिका से 146 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। करीब 1200 एकड़ फसल पानी में डूब गई है। इससे जिले की करीब 2 लाख से अधिक आबादी प्रभावित है।
हालात यह हैं कि पलिया नगर में लोग नाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं प्रशासन के बाढ़ से निपटने के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। शारदा नदी में बाढ़ के कारण पलिया निघासन रोड़ पर मिलिनिया गांव के पास रोड पर पानी का प्रवाह बढ़ गया है। निघासन-पलिया मार्ग पर आवागमन पूर्णतया बंद हो गया है।
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि थाना मझगई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थानीय लोगों की मदद के लिए मौजूद हैं। स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस को डायवर्जन के लिए लगाया गया है। फूलबेहड़ की ग्राम पंचायत जंगल नंबर- 11 के साथ ही बिरहा, सुतिया, धोबियाना, शंकरपुर, गूम आदि जलमग्न हैं।
बाढ़ का पानी बंसीनगर में पहुंच गया है। दुधवा गौरीफंटा रोड पर काफी तेज बहाव के साथ पानी बह रहा है। मैलानी-नानपारा रेल प्रखंड पर पलिया भीरा के मध्य लगभग 100 मीटर तक शारदा की तेज धार ने रेल पटरी काट दी है।
