लखनऊ : नोटिस देख महिला को आया हार्ट अटैक, परिजन ने सड़क किया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जमीन को लेकर चल रहा है विवाद, दूसरे पक्ष ने वकील से भिजवाया था नोटिस

वजीरगंज क्षेत्र का मामला, इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंच समझा कर खुलवाया जाम

लखनऊ, अमृत विचार : वजीरगंज क्षेत्र में नोटिस देखकर महिला को हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। यह आरोप मृतका के परिजन ने लगा सुभाष मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। बताया कि जमीन विवाद में दूसरे पक्ष ने वकील के माध्यम से नोटिस भेजा था। परिजन दूसरे पक्ष पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम हटवा कर यातायात शुरू कराया।

इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र के मुताबिक, परिजन ने पूछताछ में बताया कि नरेश मिश्रा निवासी गौसनगर पांडेयगंज और बिरहाना निवासी लक्ष्मी नारायण राजपूत की पत्नी शकुंतला राजपूत के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। मामले में नरेश मिश्रा ने अपने वकील के माध्यम से शकुंतला राजपूत के नाम नोटिस भेजा। आरोप है कि नोटिस की वजह से ही शकुंतला को हार्ट अटैक पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर का कहना है कि शकुंतला के परिजन इसी बात को लेकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद यातायात व्यवस्था सुचारू कराई गई।

इंस्पेक्टर ने बताया परिजन से पंचायत नामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही। इसके लिए वह तैयार नहीं है। परिजन ने बाद में प्रार्थना-पत्र देने की बात कही है। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। कहा कि प्रार्थना-पत्र मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जाम में फंसकर वाहन चालक करीब एक घंटे परेशान रहे।

यह भी पढ़े- लखनऊ: सेवानिवृत्त आईएएस की पत्नी ने सौतेले बेटे पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, एफआईआर दर्ज

संबंधित समाचार