Unnao News: चेतावनी बिंदु के करीब पहुंचा गंगा का जलस्तर, घरों तक पहुंचने लगा पानी...लोगों की बढ़ी धड़कनें
112 मीटर चेतावनी बिंदु और 113 मीटर है खतरे का निशान
उन्नाव, अमृत विचार। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के चलते पश्चिम के बांधों से बराबर पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे गंगा उफान पर है और शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच रहा है। जलस्तर बढ़ने के कारण पश्चिमी क्षेत्र के निचले इलाकों के कई घरों के आस पास पानी भर गया है। जिससे स्कूल जाने वाले बच्चे नाव से स्कूल जा रहे हैं। वहीं लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण जल्द ही गंगा का पानी चेतावनी बिंदु पार कर खतरे के निशान की ओर पहुंच सकता है।
गुरुवार को गंगा के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई। केन्द्रीय जल आयोग ने बताया कि बुधवार शाम 5 बजे गंगा का जलस्तर 110.780 मीटर दर्ज किया गया था। जिसके बाद गुरुवार सुबह आठ बजे 111 मीटर को पार करके 111.290 मीटर पहुंच गया। दोपहर 1 बजे जलस्तर में बढ़ोतरी हुई और 111.350 मीटर तक पहुंच गया। जो चेतावनी बिंदु से 112 मीटर से 65 सेंटीमीटर दूर हैं।
शुक्लागंज की ओर 112 मीटर चेतावनी बिंदु और 113 मीटर खतरे का निशान है। जलस्तर बढ़ने के कारण गोताखोर, सैय्यद कम्पांउंड, कर्बला, हुसैन नगर, चंपापुरवा, तेजीपुरवा, मनसुख खेड़ा के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है।
निचले क्षेत्रों में पानी भरा होने के कारण स्कूल आने जाने वाले बच्चों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। केन्द्रीय जल आयोग की मानें तो अभी इसी तरह गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी जारी रहेगी। जिससे तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोागें को बाढ़ का दंश भी झेलना पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें- Kanpur में BJP पार्षद ने किया अनोखा प्रदर्शन...जलकल अफसरों की घी-गुड़ से पूजा, उतारी आरती, अधिकारी कुर्सी छोड़कर भागे
