प्रिंस हत्याकांड : सौतेले बेटे पर लोहे की रॉड से किए थे 10 वार
सिर पर गंभीर चोट लगने से हुई थी छह साल के बच्चे प्रिंस की मौत, शुक्रवार को ठाकुरगंज पुलिस ने हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर भेजा जेल
(फालोअप) अमृत विचार, लखनऊ। ठाकुरगंज थाना अंतर्गत फरीदीपुर लालाबाग में सौतेले पिता शिव शक्ति मिश्र उर्फ मोनू ने बेटे प्रिंस मिश्रा (06) के शरीर पर लोहे की रॉड से 10 वार किए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के सिर, ठुड्डी, पीठ, पेट, हाथ ,पैर समेत शरीर के 10 अंगों पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि, सिर पर चोट लगने से प्रिंस की मौत हुई है, डॉक्टरों ने इस बात की पुष्टि पीएम रिपोर्ट में की है। वहीं, शुक्रवार को ठाकुरगंज पुलिस ने हत्यारोपी पिता को जेल भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय के मुताबिक, पूछताछ के दौरान हत्यारोपी पिता ने बताया कि वह काजल के साथ लिव-इन-रिलेश्नशिप में रहता था। कुछ समय तक उसने काजल के बच्चों का जिम्मा उठाया, लेकिन बाद में काजल के दोनों बच्चे उसे अखरने लगे थे। उनसे काजल से बच्चों को पहले पति के पास भेजने का दबाव बनाया था, लेकिन काजल ने उसकी एक न सुनी। इसको लेकर उसका झगड़ा काजल से अक्सर होता था।
प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि जिस वक्त मोनू बच्चों की पिटाई कर रहा था, तो काजल ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया था, लेकिन मोनू ने उसको भी लोहे की रॉड से पीटा था। प्रिंस की मौत के बाद मोनू ने काजल को अपने साथ भागने के लिए धमकाया था। पुलिस ने काजल का भी मेडिकल परीक्षण करवाया था, जिसमें काजल के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि हुई है। गुरुवार देर रात ठाकुरगंज पुलिस ने काजल की लिखित शिकायत पर पति मोनू पर हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- लुटेरों का वीडियो वायरल : पुलिस के चेकिंग अभियान की पोल खोलकर बदमाश फरार
