कासगंज: पहले ट्रैक्टर से कुचल कर की हत्या...अब मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे आरोपी
कासगंज, अमृत विचार। ट्रैक्टर से कुचल कर युवक की हत्या करने के आरोपी अब परिजनों पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही तरह-तरह की धमकियां दे रहे हैं। मंगलवार को पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्यालय में एसपी से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार के जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई।
सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव बरौंदा में बीती 10 जुलाई को जमीनी विवाद के चलते युवक मानपाल की ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या कर दी गई। मामले में 11 लोगों को नामजद करते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों में चार को जेल भेज चुकी है। जबकि शेष आरोपी पीड़ित परिवार को धमका रहे हैं।
इसको लेकर मंगलवार को परिजनों ने एसपी अपर्णा रजत कौशिक से कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने बताया कि सात आरोपी अभी गिरफ्तार नहीं हुए हैं, जो बाहर रहकर मुकदमा वापस नहीं लेने पर जानमाल का नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहे हैं। मामले में एसपी ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया है कि आरोपी शीघ्र गिरफ्तार किए जाएंगे। इसके साथ ही एसपी ने सोरों के इंस्पेक्टर को निर्देशित किया है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
