सांड़ से टकराई कार, चार राउंड घूमी...डीसीएम से भिड़ी...एक की मौत, तीन घायल
खुटार/शाहजहांपुर, अमृत विचार। गोला रोड पर गांव बनकटा मोड़ से कुछ दूर मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे स्विफ्ट डिजायर कार और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में वाहन के पड़खच्चे उड़ गए। यह हादसा सड़क किनारे आपस में लड़ रहे दो सांड़ की वजह से हुआ। वाहन से टकराने से एक सांड़ की जान चली गई है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने वाहन में फंसे घायलों को राहगीरों की मदद से बमुश्किल बाहर निकाला। चार घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हादसे में घायल एक अधेड़ ने दम तोड़ दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद मृतक की शिनाख्त हो पाई। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है। पुलिस ने देर रात पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद लखीमपुर खीरी के कस्बा मैलानी के गांव कुरियानी निवासी वीरेंद्र कुमार (28) अपने साथी गांव ककराई निवासी रामकिशन (58) के साथ मंगलवार को अपने भाई विजय कुमार को अस्पताल में भर्ती कराने कस्बा गोला गया था। चार दिन पूर्व छत से गिरकर विजय का पैर टूट गया था। मंगलवार को शाम करीब साढ़े छह बजे स्विफ्ट गाड़ी से वीरेंद्र कुमार अपने साथी के साथ वापस गोला से घर लौट रहे थे। उसी समय गोला रोड पर बनकटा मोड़ के समीप सत्संग भवन के पास दौड़ता हुआ सांड़ सड़क पर आ गया और स्विफ्ट डिजायर गाड़ी से टकरा गया। जिससे सांड़ काफी दूर जा गिरा और मौत हो गई। टकराने के बाद गाड़ी ने करीब चार राउंड तक घूमती रही और खुटार की ओर से आ रही आम भरी डीसीएम से जा भिड़ी। डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई। लेकिन कार खुटार दिशा की तरफ खड़ी हो गई। कार चालक वीरेंद्र पाल, रामकिशन फंस गए। जबकि डीसीएम चालक कस्बा पलिया के इकरामनगर निवासी नबाबू, ठेकेदार चिकमंडी निवासी सदाकत अली घायल हो गए।
हादसे के बाद लोग गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास करते रहे। इसके बाद पीआरवी और थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को वाहन से निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टर ने रामकिशन को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन घायलों का उपचार शुरू हुआ। रामकिशन के शव की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी तो कोहराम मच गया। पुलिस का कहना है कि कस्बा पलिया के मोहल्ला चिकमंडी निवासी व्यापारी सदाकत अली व इकरामनगर निवासी चालक नबाबू के साथ जनपद पीलीभीत के कस्बा पूरनपुर के गांव शेरपुर से डीसीएम में आम भरकर खुटार से होते हुए लखीमपुर खीरी से पलिया जा रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। मंगलवार रात करीब नौ बजे सूचना के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। जहां पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वर्जन-
सड़क हादसे में एक की मौत हो गई है। दूसरा घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वाहनों को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। -संजय कुमार, थानाध्यक्ष खुटार
ये भी पढ़ें -पीलीभीत: अखाड़ा बना मेडिकल कालेज.. चिकित्सक और तीमारदारों में मारपीट
