बरेली: बिजली संकट से नाराज लोगों ने एसडीओ और जेई को घेरा...उपकेंद्र में तोड़फोड़, पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। किला क्षेत्र में कई घंटे के बिजली संकट से नाराज लोगों ने बुधवार देर रात उपकेंद्र में एसडीओ और जेई का घेराव कर लिया। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ दिया। इसके बाद गुरुवार दोपहर में भी लोगों ने घेराव किया।

इसके बाद भी समाधान न होने पर गुरुवार रात 8 बजे महिलाओं ने उपकेंद्र पर हंगामा और तोड़फोड़ की। लंबा शटडाउन लेने के बाद भी अधिकारी किला उपकेंद्र के 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर में आई खराबी को ठीक नहीं करा सके।

बुधवार को मोहर्रम के जुलूस की वजह से सुबह 10 से रात 10 बजे तक का शटडाउन लिया गया था। शटडाउन के दौरान उपकेंद्र पर लगे 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर में आई खराबी को दूर करने का प्रयास किया गया लेकिन रात में जुलूस समाप्त होने के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

इससे नाराज लोग देर रात उपकेंद्र पर पहुंचे और जेई और एसडीओ का घेराव कर लिया। स्टाफ ने उपकेंद्र का मुख्य दरवाजा बंद करके एसडीओ और जेई को बचाया। उपकेंद्र के घेराव की सूचना पर किला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके भीड़ को हटाया।

33 केवी की लाइन ब्रेकडाउन होने पर सीबीगंज ट्रांसमिशन से शटडाउन लेकर फाल्ट को ठीक कराने के बाद गुरुवार सुबह 5 बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इसकी वजह से किला उपकेंद्र से जुड़े चौधरी मोहल्ला, गढ़ी चौकी, अशरफ खां छावनी, बानखाना, जकाती, साहूकारा, सराय, गढ़ैया, फूटा दरवाजा, किला, बाकरगंज, गुलाबनगर, कटघर, हुसैन बाग, मलूकपुर, जखीरा, सिटी स्टेशन रोड आदि जगहों पर 17 घंटे का बिजली संकट रहा।

इसके बाद दिन ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हो गए और दोपहर में फिर उपकेंद्र पर हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया। इसके बाद रात में एक बार फिर महिलाएं उपकेंद्र पर पहुंची और जमकर तोड़फोड़ की।

किला एसडीओ और जेई पर फोन न उठाने का आरोप
पॉवर कॉरपोरेशन के मुख्य अभियंता रणविजय सिंह ने शहर में अवर अभियंताओं के फोन नहीं उठाने की शिकायत पर सुधार करने के निर्देश भी दिए थे, लेकिन उसके बाद भी उनकी कार्यशैली में कोई सुधार होता नहीं दिख रहा है। लोगों का आरोप है कि किला में लगातार बिजली गुल रहने के बाद किला एसडीओ और जेई का फोन नहीं उठता है।

अन्य जगह लोकल फाल्ट और शटडाउन ने किया परेशान
शहर में अन्य उपकेंद्र पर लोकल फाल्ट और शटडाउन होने से भी बिजली गुल रही। शहर के कोहाड़ापीर उपकेंद्र के अशोक नगर और चाहवाई फीडर पर गुरुवार को आरडीएसएस योजना के तहत काम कराने के लिए सुबह 11 से दोपहर 1:30 बजे तक का शटडाउन लिया गया। इसके अलावा सुभाषनगर में भी मरम्मत कार्य की वजह से आपूर्ति बाधित रही। वहीं नदोसी उपकेंद्र के बंडिया, खना गौटिया, तिलियापुर समेत कई गांव में दिन में बिजली कटौती की गई। सिविल लाइंस और कुतुबखाना के साथ जगतपुर उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में भी फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या रही।

किला में बुधवार को शटडाउन लिया गया था। उसके बाद फाल्ट की वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। शिकायत पर कर्मचारियों को अलग-अलग जगह भेजकर फाल्ट को ठीक कराया गया। -सत्येन्द्र चौहान, अधिशासी अभियंता

ये भी पढ़ें- बरेली: ट्यूबवेल पर नहाते वक्त हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा...दो भाइयों की मौत, एक झुलसा

संबंधित समाचार