Kanpur: एक कोने में झमाझम बारिश तो दूसरे कोने में बौछार, बारिश का आंकड़ा मौसम वैज्ञानिकों को भी कर गया हैरान
सीएसए विवि में 3.7 तो चकेरी एयरफोर्स में 23.6 मिमी दर्ज हुई बारिश
कानपुर, अमृत विचार। शहर में इस बार खंड बारिश (पैची रेन) सबसे अधिक दर्ज की जा रही है। शुक्रवार देर रात से शनिवार भोर में हुई बारिश का आंकड़ा मौसम वैज्ञानिकों को भी हैरान कर गया। शहर के एक कोने सीएसए विवि में इसे सिर्फ 3.7 मिमी ही दर्ज किया गया।
इसके उलट दूसरे कोने चकेरी एयरफोर्स में 23.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिक भी पैची रेन की वजह साफ नहीं कर पा रहे हैं। उनका मानना है कि इस तरह की बारिश हीट अंबरैला बनने से बादलों के प्रभावित होने की वजह से है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार पूरा कानपुर मंडल इससे सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। यदि सिर्फ शहर की ही बात की जाए तो यहां पर भी एक इलाके में जोरदार बारिश व दूसरे में कम बारिश इस बार सबसे अधिक दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इसकी एक वजह शहर में अत्याधिक एसी व वाहनों से निकलने वाला प्रदूषण भी हो सकता है।
वैज्ञानिकों ने इसे हीट अंबरैला का नाम दिया है। उनका कहना है कि इससे वातावरण में गर्म हवा का गुबार पैदा हुआ है जो बादलों को प्रभावित कर रहा है। इसके असर से पैची रेन जैसी स्थिति पैदा होती है, लेकिन इस बार यह स्थिति अत्याधिक बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने यह भी बताया कि बारिश के बाद भी शहर के अधिकतम तापमान में अधिक परिवर्तन नहीं हुआ है।
शनिवार को तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि 24 जुलाई तक शहर में मध्य तेज हवाओं व गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की वर्षा होने की संभावना है।
