बदायूं: टोकरी में रखकर कर रहा था नाग का प्रदर्शन, सपेरा गिरफ्तार
पशु प्रेमी की सूचना पर वन विभाग के उपनिरीक्षक ने सपेरे को पकड़ा
बदायूं, अमृत विचार। वन विभाग ने नाग को टोकरी में रखकर प्रदर्शन करने वाले सपेरे को पकड़ा है। उपनिरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सपेरे के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की गई है। सपेरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
वन विभाग के उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रविवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे पीपल्स फार एनिमल्स संस्था के अध्यक्ष व पशु प्रेमी ने उन्हें सूचना दी कि अलापुर रोड स्थित मंडी समिति के पास पेट्रोल पंप पर एक सपेरा नाग लेकर घूम रहा है। वह, वन दारोगा व हमराह मथुरा सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना सही पाई गई। सपेरा लोगों को नाग दिखा रहा था।
उपनिरीक्षक ने सपेरे की तलाशी ली तो उसके पास टोकरी में काले रंग का नाग मिला। वह सपेरे को कोतवाली सिविल लाइन ले आए। जहां उसने अपना नाम जिला कन्नौज के थाना विशनुगढ़ क्षेत्र के गांव अर्जुनपुर निवासी कन्हैया नाथ पत्र ओमकार नाथ बताया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वन विभाग ने नाग जंगल में छुड़वा दिया
ये भी पढ़ें- बदायूं: नीलकंठ महादेव मंदिर-जामा मस्जिद मामले में अब 31 जुलाई को सुनवाई
