Unnao News: हाईवे पर खड़े ट्रक से रोडवेज बस टकराई; एक युवक की मौत, दो की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। हाईवे पर लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही रोडवेज बस अजगैन के पास खड़े ट्रक में टकरा गयी। घटना में बस सवार एक यात्री की मौत हो गयी और दो गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना की सूचना पर पहुंचे पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। 

बता दें, नेशनल हाईवे पर लखनऊ से चलकर कानपुर की ओर जा रही महोबा बस डिपो अजगैन कोतवाली क्षेत्र के चमरौली आश्रम के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में टकरा गयी। घटना में बस के परखच्चे उड़ गये। ट्रक में टक्कर होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गयी। 

घटना में बस सवार तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे की सूचना पर अजगैन थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बस में सवार घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया। 

जहां कानपुर नगर के थाना जूही क्षेत्र के बाबुराया निवासी रमाशंकर ओझा पुत्र रामसुख की मौत हो गयी। घटना में दो अन्य गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद मृतक के परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।

यह भी पढ़ें- Kanpur: रोडवेज की खटारा बसों में सफर से मिलेगी आजादी; इस दिन तक बेड़े से बाहर होंगी समय सीमा पूरी कर चुकी बसें...

 

संबंधित समाचार