अहंकार में डूबी नीतीश सरकार, बदलने का वक्त आ गया: सोनिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिहार विधानासभा चुनाव में राज्य के मतदाताओं से महागठबंधन को समर्थन देने की अपील करते हुए मंगलवार को कहा कि प्रदेश में बदलाव की बयार चल रही है और लोगों की आवाज राजद, कांग्रेस एवं वाम दलों के गठबंधन के साथ है। सोनिया ने एक वीडियो संदेश में …

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिहार विधानासभा चुनाव में राज्य के मतदाताओं से महागठबंधन को समर्थन देने की अपील करते हुए मंगलवार को कहा कि प्रदेश में बदलाव की बयार चल रही है और लोगों की आवाज राजद, कांग्रेस एवं वाम दलों के गठबंधन के साथ है। सोनिया ने एक वीडियो संदेश में कहा, आज बिहार में सत्ता और उसके अहंकार में डूबी सरकार अपने रास्ते से भटक गई है। न उनकी करनी अच्छी है, न कथनी। मज़दूर आज मजबूर है। किसान आज परेशान है। नौजवान आज निराश है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, बिहार की जनता की आवाज कांग्रेस महागठबंधन के साथ है। यही है आज बिहार की पुकार। उन्होंने दावा किया, दिल्ली और बिहार की सरकारें, बंदी सरकारें हैं- नोटबंदी, तालाबंदी, व्यापारबंदी, आर्थिक बंदी, खेत-खलिहान बंदी, रोटी-रोजगार बंदी। इसीलिए, बंदी सरकार के खिलाफ- अगली नस्ल और अगली फसल के लिए, एक नए बिहार के निर्माण के लिए, बिहार की जनता तैयार है।

सोनिया के मुताबिक, बिहार के हाथों में गुण है, हुनर है, ताकत है, निर्माण की शक्ति है, लेकिन बेरोजगारी, पलायन, महंगाई, भुखमरी ने उनकी आंखों में आंसू और पैरों में छाले दे दिए हैं। जो शब्द कहे नहीं जा सकते, उसे आंसुओं से कहना पड़ता है। भय, डर, खौफ, अपराध के आधार पर नीति और सरकारें खड़ी नहीं की जा सकतीं।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया, बिहार भारत का आईना है, एक आशा है। भारत का विश्वास है, जोश है- जुनून है। बिहार के किसान, युवा, मजदूर, भाई और बहनें सिर्फ बिहार में नहीं बल्कि पूरे भारत और दुनिया के कोने कोने में हैं। आज वही बिहार अपने गांव, कस्बे, शहरों, खेतों और खलिहानों में अपनी शान और भविष्य के लिए नए बदलाव को तैयार है।

संबंधित समाचार