लखनऊ : प्रश्न का उत्तर न देने पर शिक्षक ने छात्र का सिर फोड़ सहपाठी को बुरी तरह से पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परिजनों ने सरकारी विद्यालय के शिक्षक के खिलाफ मलिहाबाद कोतवाली में दर्ज कराई प्राथमिकी

लखनऊ/ मलिहाबाद, अमृत विचार। 24 घंटे के भीतर मलिहाबाद कोतवाली में दूसरा शिक्षक उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। जहां एक अभिभावक ने राजकीय हाईस्कूल के शिक्षक पर बेटे व उसके सहपाठी की बुरी तरह से पिटाई करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। अभिभावक का आरोप हैकि प्रश्न का उत्तर न देने पर शिक्षक ने उनके बेटे का सिर फोड़ सहपाठी को बेहरमी से पीट दिया। शिक्षक की हरकत से अभिभावकों में रोष व्याप्त है। 

 मलिहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि क्षेत्र के पुरवा गांव निवासी एक अभिभावक ने सरकारी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। लिखित शिकायत में छात्र के पिता ने बताया कि वह खेती बाड़ी कर बेटे (16) को स्कूल भेजते हैं। उनका बेटा काकोरी कस्बे के राजकीय हाईस्कूल में कक्षा सात में पढ़ता है। सोमवार को बेटा अपने सहपाठी के साथ स्कूल में पढ़ने गया था। इस दौरान शिक्षक मो. सलीम आशिके रसूल ने दोनों से एक प्रश्न पूछा, बेटा व उसका सहपाठी शिक्षक के प्रश्न का उत्तर नहीं दे सका। इस पर शिक्षक का पारा हाई हो गया। पिता का आरोप है कि शिक्षक ने दोनों बच्चों की बेहरमी से पिटाई कर आपस में उनका सिर लड़ा दिया।

इसके बाद बेटे का सिर टेबल पर कई बार लड़ाया। जिससे उनके बेटे का सिर फट गया। बताया कि उनके बेटे के सिर पर चार टांके लगे है। जबकि, शिक्षक की पिटाई से बेटे के सहपाठी का पूरा शरीर काला पड़ गया है। पिता का आरोप है कि शिक्षक ने घर पर बात न बताने के लिए दोनों छात्रों को धमकाया था। जब बेटा घर पहुंचा तब उनसे परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद पिता बेटे को लेकर मलिहाबाद कोतवाली पहुंचा, जहां उन्होंने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर लिखित शिकायत की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षक के खिलाफ मुकदमा लिखा जा रहा है।

 प्रधानाचार्य पर भी छात्र ने लगाया था उत्पीड़न का आरोप

 विदित है कि 22 जुलाई को मलिहाबाद के चौधराना में क्लासिक मांटेसरी के प्रधानाचार्य फैसल खान पर सातवीं कक्षा के एक छात्र ने उत्पीड़न का आरोप लगाया था। छात्र का कहना था कि नोटबुक न लाने पर प्रधानाचार्य फैसल खान ने उसे बुरी तरह पीट दिया था। छात्र के परिजनों ने प्रधानाचार्य के खिलाफ मलिहाबाद कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।

यह भी पढ़ें- हत्या की आशंका : तीन दिनों से लापता एसी मैकेनिक का गोमती में मिला शव

संबंधित समाचार