रुद्रपुर: पुलिस का नया कीर्तिमान...चोरी के सात माह बाद की रिपोर्ट दर्ज
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना पंतनगर पुलिस की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। जहां थाना पंतनगर इलाके की टा कॉलोनी में हुई लाखों की चोरी का मुकदमा घटना के सात माह लिखा गया। वह भी तब जब पीड़िता ने सूचना का अधिकार के तहत सूचना मांगी। साथ ही आईपीएस प्रशिक्षु एवं सीओ सदर से गुहार लगाई। महिला आईपीएस की सख्ती के बाद पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया।
बताते चलें कि पंतनगर विवि में कार्यरत संविदा महिला कर्मचारी सुनीता ने एक जनवरी 2024 को थाना पंतनगर में तहरीर देकर सूचना दी थी कि 31 दिसंबर 2023 को वह रुद्रपुर स्थित अपने घर गई थी। एक जनवरी की सुबह वापस लौटी तो टा कॉलोनी पंतनगर स्थित आवास का ताला टूटा हुआ था और चोरों ने करीब साढ़े चार लाख कीमत के जेवरात चोरी कर लिए। जिसमें हाथ की पोची, सोने का गलोबंद, सोने के कुंडल, चांदी की चेन, पायल, सोने के तीन जोड़ी टॉप्स चोरी हुए थे। एक जनवरी को ही पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
उधर पीड़िता सुनीता ने बताया कि लिखित शिकायती पत्र देने के बाद जब कई दिनों तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, तो वह थाना पंतनगर पहुंची। जहां पुलिस बहाने बनाकर टालमटोल करती रही। काफी भटकने के बाद सुनवाई नहीं हुई तो एक मई 2024 को सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी। 3 अप्रैल को पुलिस का जवाब और आश्वासन दिया कि महज 15 दिन के अंदर मुकदमा दर्ज होगा। इसके बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो 23 जुलाई को आईपीएस प्रशिक्षु एवं सीओ सदर निहारिका तोमर को आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की जहमत उठाई। पुलिस की लापरवाही का मामला अब जांच में बदल चुका है।
सीसीटीवी भी हो चुकी थी उपलब्ध
30 दिसंबर 2023 की रात्रि साढ़े चार लाख रुपये के जेवरात चोरी होने के बाद पीड़िता ने पंतनगर पुलिस को घटना की सीसीटीवी फुटेज भी मुहैया कर दी थी। जिसमें चार संदिग्ध जिनके हाथ में कटर, हथौड़ा भी नजर आ रहा था और दो संदिग्ध नकाबपोश और दो बिना नकाब लगाए धीमे कदमों से पीड़िता के घर की ओर बढ़े। सुराग मिलने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
एक ही रात तीन घरों में हुई थी चोरी
30 दिसंबर की रात्रि पंतनगर की टॉ कॉलोनी में एक घर में नहीं, बल्कि तीन घरों में चोरी की घटना सामने आई है। पीड़िता सुनीता ने बताया कि जिस वक्त उसके घर में चोरी हुई थी उस समय कॉलोनी में एक कार्यक्रम भी चल रहा था। एक जनवरी को जब वह घर पहुंची और चोरी की जानकारी हुई थी। यही नहीं कॉलोनी में ही तीन घरों में चोरी की भी पुष्टि हुई थी। उसमें भी चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की थी। जिसकी जानकारी भी उसने पुलिस को दी थी। बावजूद पुलिस ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई।
कुछ दिन पहले पीड़िता ने मुलाकात की थी। इसके बाद यह मामला संज्ञान में आया। जिसमें प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आ रही है। बावजूद प्रकरण का विवेचना अधिकारी कावड़ ड्यूटी पर है। वापस आने पर मुकदमा दर्ज नहीं होने संबंधी जानकारी ली जाएगी। जांच के बाद लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारी या फिर कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-निहारिका तोमर, सीओ सदर, रुद्रपुर
