प्रयागराज: दो जिला पंचायत सदस्यों के बीच दिनदहाड़े चली गोलियां, ड्राइवर की मौत, दो घायल
प्रयागराज, अमृत विचार। जिले में मंगलवार को गंगापार के बहरिया इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। मकान के कब्जे को लेकर दो जिला पंचायत सदस्यों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों की तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चली। जिसमेें एक ड्राइवर की मौके पर मौत हो गयी। जबकि एक अन्य युवक गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए एसआरएन भेज दिया। वही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले में आठ लोगो को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गंगापार में बहरिया के धमौर बाजार में मंगलवार दोपहर एक मकान पर कब्जे के विवाद में जिला पंचायत सदस्य अभिषेक यादव व जिला पंचायत सदस्य पति और पूर्व प्रधान शशिकांत यादव पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरु गई गया। मामला बढ़ा तो पथराव के बाद फायरिंग शुरु हो गयी। दोनों तरफ से गोलियां चलने से बाजार में खलबली मच गई। गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच दुकानदार दुकान का शटर गिराकर भागने लगे। वहीं गोली लगने से 30 वर्षीय मुलायम निवासी सारी पट्टी की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि 35 वर्षीय जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में ले लिया। मौके पर पहुंचे डीसीपी गंगानगर ने एहतियातन बाजार में पुलिस तैनात कर दी। घटना में मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वही घायल को स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक बहरिया के धमौर बाजार में एक मकान है। जिसमें कई दुकानें बनी है। इस मकान की कीमत 50 लाख बताई जा रही है। इसी मकान पर कब्जे को लेकर जिला पंचायत सदस्य अभिषेक यादव उर्फ हिन्दू निवासी सुल्तानपुर खास, मऊआइमा और जिला पंचायत सदस्य पति व पूर्व प्रधान शशिकांत यादव निवासी गमरहटा के में काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि सुबह 11 बजे अभिषेक पक्ष दलबल के साथ पहुंचा और मकान पर पुताई कराने लगा। इसकी सूचना शशिकांत यादव पक्ष को मिली तो लगभग डेढ़ बजे वह भी कई गाड़ियों से लोगों के साथ पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले दोनों तरफ से गाड़ियों पर पथराव हुआ और फायरिंग शुरू हो गई। दोनों तरफ से गोलियों की तड़तड़ाहट से बाजार में अफरातफरी मच गई। लोग खुद को बचाने के लिए सुरक्षित ठिकानों की तलाश करने लगे। फायरिंग में शशिकांत पक्ष शव आलोक उर्फ़ मुलायम और जितेंद्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जहां आलोक उर्फ मुलायम यादव की मौत हो गई। जबकि जितेंद्र का इलाज चल रहा है।
वर्जन:- अभिषेक भारती, डीसीपी गंगानगर
मकान कब्जे को लेकर विवाद हुआ है। जिसमें गोली लगने से एक पक्ष के युवक की मौत हो गयी, जबकि दुसरा गंभीर रूप से घायल है। जिसके इलाज के लिए एस आर एन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों से आठ लोगों को हिरासत में लिया है। बाजार में भारी पुलिस बल तैनात है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या में विकास कार्य रुका नहीं, विपक्ष का आरोप निराधार :लल्लू सिंह
