खरगे और राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटना से जानमाल के नुकसान पर जताया दुख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटना से हुए जानमाल के नुकसान पर बुधवार को दुख जताया और लापता लोगों को जल्द ढूंढे जाने की कामना की। राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद सिंह सुक्खू से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की दो घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गयी तथा करीब 40 लोग लापता हो गए हैं।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि बारिश के कारण कई मकान बह गए और सड़कें तथा दो जल विद्युत परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हो गयी हैं। खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी और कुल्लू समेत कई क्षेत्रों में बादल फटने और भारी वर्षा से कई लोगों की मृत्यु और लापता होने की ख़बर बेहद दुःखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हम अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए, ये आशा व प्रार्थना करते हैं कि लापता लोगों को जल्द से जल्द ढूंढ लिया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री घटनास्थलों का दौरा कर रहे हैं और एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों की मदद ली जा रही है। हम मुख्यमंत्री जी से इस विपदा पर समय-समय पर जानकारी ले रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं से अनुरोध है कि इस आपदा में जान-मानस की हरसंभव मदद करें।’’ राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘शिमला, मंडी और कुल्लू में बादल फटने और भारी वर्षा से कई लोगों की मृत्यु और लापता होने का समाचार अत्यंत दुखद है। इस कठिन घड़ी में सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी से बात कर इस विषम परिस्थिति का जायज़ा लिया है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं इन घटनास्थलों पर जा रहे हैं और इसी दौरान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और प्रदेश प्रशासन इस संकट की घड़ी में राहत और बचाव कार्यों में प्रतिबद्धता के साथ लगातार सम्मिलित है।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी और कुल्लू में बादल फटने से कई लोगों की मृत्यु और बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने का समाचार हृदय विदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’’ उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य प्रशासन की कई टीमें पूरी क्षमता के साथ राहत व बचाव कार्य में लगी हैं। प्रियंका गांधी का कहनाथा, ‘‘ईश्वर से सभी हिमाचलवासियों को सुरक्षित रखने की प्रार्थना करती हूं। सभी लापता लोगों की जल्द से जल्द खोज की आशा कर रही हूं।’’

यह भी पढ़ें:-Kanwar Yatra: मेरठ में हेलीकॉप्टर से शिव भक्तों पर डीएम की पुष्प वर्षा, देखें वीडियो

संबंधित समाचार