Unnao: अपहर्ताओं की निशानदेही पर गोमती नदी से युवक का शव बरामद; आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली में काटा हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के अंशिका अपार्टमेंट में रहने वाला एक युवक दोस्तों के साथ नौ दिन पहले घर से निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की। इधर पुलिस ने नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुक्रवार को हरदोई अतरौली थाना क्षेत्र के सीतापुर बार्डर स्थित गोमती नदी में अपहर्ताओं की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद किया। शव मिलने की सूचना पर युवक के परिजन गंगाघाट कोवताली पहुंचे और वहां जमकर हंगामा काटा।

बता दें, मूलरूप से कानपुर बर्रा थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय अभय त्रिपाठी पुत्र स्व. जनार्दन त्रिपाठी नेटवर्क मार्केटिंग का काम करता था। वह अपनी पत्नी दिव्या त्रिपाठी के साथ गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर स्थित अंशिका अपार्टमेंट में किराये पर रहता था। 25 जुलाई को अपने दोस्त तुषार के साथ घर से निकला। जिसके बाद से वह लापता हो गया। काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। जिस पर 27 जुलाई को पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने तुषार, रोहित, सौरभ, प्रदीप, अनिरूद्ध के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। 

इधर पुलिस ने तुषार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। जिस पर तुषार ने बताया कि उसने अपनी बुआ के लड़के, एक अन्य युवक व अभय के साथ शराब पी, जहां रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। इस पर उसके सिर पर ईंट मार दी और कार से ले जाकर हरदाई और सीतापुर के बार्डर पर गोमती नदी में शव फेंके जाने की बात बताई। शुक्रवार सुबह गंगाघाट इंस्पेक्टर रामफल प्रजापति मय पुलिस फोर्स के साथ शुक्लागंज से गोताखोरों को लेकर पहुंची। चार-पांच घंटे ढूंढने के बाद शव काफी गला हुआ बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पीएम के लिये भेजा है।

शव मिलने के बाद परिजनों ने काटा हंगामा

शुक्रवार दोपहर हरदोई में गोमती नदी से उसका शव मिलने के बाद मृतक की मां, पत्नी, भाई और बहन गंगाघाट कोतवाली पहुंचे। जहां परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुये जमकर हंगामा काटा। परिजनों का आरोप था कि यदि पुलिस शुरू में ही कड़ाई से पूछताछ करती तो अभय को बचाया जा सकता था।

यह भी पढ़ें- Hamirpur: छह वर्षीय बालक के साथ कुकर्म करने पर दोषी को मिली 10 साल की सजा, भरना होगा इतने रुपये का जुर्माना...

 

संबंधित समाचार