प्रतापगढ़: त्रुटिरहित व पारदर्शी होगी सिपाही भर्ती परीक्षा, पुलिस-प्रशासन अलर्ट
पांच दिन दो पालियों में होगी उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा
प्रतापगढ़, अमृत विचार। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से सिपाही भर्ती परीक्षा की नई तिथियों की घोषणा कर दी गई है। त्रुटिरहित व पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। अफसरों ने शुक्रवार को केंद्रों पर पहुंच कर परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं और संसाधनों को निरीक्षण किया।
उत्तर प्रदेश में 60,244 पदों पर सीधी भर्ती-2023 के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन पांच दिन किया जाएगा। 23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त को होने वाली परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। इस बार परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के लिए सम्बंधित अधिकारी अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। शुक्रवार को एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा, एएसपी पश्चिमी संजय राय, डीआईओएस ओमकार राणा ने उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के आठ केंद्रों का निरीक्षण किया।

केंद्रों के कमरों एवं परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, पेयजल, विद्युत एवं जनरेटर व्यवस्था, कमरों की संख्या,प्रवेश एवं निकास आदि के बारे में सम्बंधित प्राचार्य/प्रधानाचार्य से जानकारी ली। इस दौरान पीबीपीजी कॉलेज में प्राचार्य प्रो.अमित कुमार श्रीवास्तव, प्रो.उपेंद्र कुमार सिंह,डा.के.के. सिंह,डा.चेत प्रकाश पांडेय,एमडीपीजी कालेज में प्राचार्य प्रो.अरविंद मिश्र,पीबी इंटर कालेज में प्रधानाचार्य डा.अनूप सिंह, केपी इंटर कालेज में प्रधानाचार्य आदित्य सिंह आदि मौजूद रहे।
परीक्षा से जुड़े अपराध में उम्रकैद व एक करोड़ का जुर्माना
प्रदेश सरकार द्वारा सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों, जैसे प्रश्नपत्र लीक होना,उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ आदि को रोकने के लिए यूपी सार्वजनिक परीक्षा अध्यादेश-2024 पहली जुलाई 2024 को अधिसूचित किया गया है। इस अधिनियम में प्रावधान किया गया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करना, नकल करना अथवा कराना, प्रश्नपत्र का प्रतिरूपण करना अथवा षड्यंत्र करना आदि अपराध की श्रेणी में आएगा। ऐसे प्रकरणों में संलिप्त पाए जाने पर उम्रकैद अथवा एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों हो सकता है।
परिवहन विभाग अभ्यर्थियों को देगा फ्री बस सेवा
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परिवहन विभाग निःशुल्क बस सेवा की सुविधा देगा। अभ्यर्थी अपनी सुविधानुसार इसका लाभ ले सकते हैं। इसके लिए बस से यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र की अतिरिक्त दो प्रतियां रखनी होगी। एक प्रति परीक्षा केंद्र के जनपद तक की यात्रा और दूसरी प्रति परीक्षा उपरांत अपने जनपद तक की यात्रा के लिए परिचालक को देना है।
ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़: डीएम ने बाहरी दवा लिखने पर चिकित्सक को फटकारा, दी हिदायत
