बरेली: कार खरीदने को रखे रुपयों से दी थी पति की सुपारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ओमेंद्र सिंह, बरेली। प्रवक्ता अवधेश सिंह को क्या पता था कि जिस पत्नी के शौक पूरे करने के लिए रुपये दे रहे हैं वह उन्हीं रुपयों से सुपारी देकर हत्या करा देगी। आठ दिन पहले प्रवक्ता ने शिवानी के कहने पर कार खरीदने के लिए उसे तीन लाख रुपये दिए थे। रुपये हाथ में आते …

ओमेंद्र सिंह, बरेली। प्रवक्ता अवधेश सिंह को क्या पता था कि जिस पत्नी के शौक पूरे करने के लिए रुपये दे रहे हैं वह उन्हीं रुपयों से सुपारी देकर हत्या करा देगी। आठ दिन पहले प्रवक्ता ने शिवानी के कहने पर कार खरीदने के लिए उसे तीन लाख रुपये दिए थे। रुपये हाथ में आते ही पत्नी ने हत्या की साजिश रच डाली और सुपारी में कार के लिए रखे रुपये चीकू को दे दिए। इसके बाद 12 अक्टूबर को विनीता ने अपने सामने ही पति की हत्या करा दी।

शिक्षक अवधेश सिंह के भाई रमेश ने बताया कि विनीता कई दिनों से अवधेश पर कार खरीदने के लिए दबाव बना रही थी। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। आखिर एक दिन अवधेश को पत्नी की बात माननी पड़ी। रमेश के अनुसार अवधेश ने पत्नी विनीता को तीन लाख रुपये कुछ दिन पहले दिए थे।

शिक्षक अवधेश 14 या 15 अक्टूबर को एजेंसी पर रुपये जमा करने के बाद कार बुक करना चाह रहे थे ताकि धनतेरस पर कार खरीद सकें लेकिन विनीता के हाथ में रकम आते ही उसने साजिश रचना शुरू कर दिया। मृतक के भाई अवधेश ने बताया कि इन्हीं तीन लाख रुपये की उसने चीकू को सुपारी दी थी। सुपारी मिलने के बाद चीकू ने अपने साथी रानू पंडित और सुरेश उर्फ मक्खन जौनी को तैयार कर लिया। इसके बाद तीनों भाड़े के हत्यारे विनीता के प्रेमी अंकित, भाई प्रदीप व पिता अनिल के साथ बरेली में कर्मचारी नगर स्थित आवास पर पहुंचे। यहां विनीता और ज्योति पहले से ही मौजूद थीं।

रात में शिक्षक की हत्या करने के बाद सभी आरोपी शव को फिरोजाबाद ले गए और वहां एक खेत में तेजाब से जलाकर शव को दफन कर दिया। चोरी के मामले में पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर चीकू ने पुलिस के सामने अवधेश की हत्या का भी गुनाह कबूल कर लिया। उसने इसमें विनीता, उसके प्रेमी अंकित, भाई प्रदीप, पिता अनिल व बहन ज्योति के शामिल होने की बात भी स्वीकार की।

फोन से बात करते हुए आगे बढ़ते रहे कातिल
अवधेश का कत्ल करने के बाद पहले तो आरोपी दुर्घटना दर्शाने के लिए बरेली में तीन घंटे तक शव लेकर घूमते रहे लेकिन जब उन्हें मौका नहीं मिला तो शव को फिरोजाबाद में दफनाने की निर्णय लिया गया। फिरोजाबाद जाने के लिए आरोपियों ने एक अन्य व्यक्ति की कार ली। उसमें विनीता का पिता अनिल, चीकू, रानू पंडित और मक्खन जौनी सवार थे जबकि दूसरी कार में विनीता का प्रेमी अंकित, विनीता, ज्योति और प्रदीप थे। इसी में सूटकेस में प्रवक्ता का शव रखा था। चीकू ने बताया कि उसकी कार आगे चल रही थी। आगे चलते हुए वह अंकित को फोन पर रास्ता साफ होने की जानकारी देता रहा। पुलिस न होने पर वह उन्हें रास्ता साफ होने को कह देता और अंकित आगे बढ़ जाता।

इसलिए विनीता की कार में रखा शव
विनीता और ज्योति जिस गाड़ी में थीं उसे पुलिस चेक नहीं करती, यदि कहीं रोकती भी तो दोनों महिलाओं और पुरुष साथ होने के कारण पुलिस तलाशी नहीं लेती। यही वजह है कि विनीता ने शिक्षक का शव अपनी कार में सूटकेस में रखा। यदि रास्ते में पुलिस गहनता से चेक करती तो शव फिरोजाबाद तक नहीं पहुंच पाता और शिक्षक के कातिल रास्ते में ही पकड़े जाते।

गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने अवधेश के कातिलों को गिरफ्तार करने लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी हैं। सर्विलांस की टीम को भी लगाया गया है। हालांकि विनीता, ज्योति, प्रदीप, अनिल, अंकित समेत अन्य आरोपियों के मोबाइल अब तक ऑन नहीं हुए हैं। ऐसे में विनीता की गिरफ्तारी पुलिस के लिए सिरदर्द बन सकती है। उधर, इज्जतनगर पुलिस उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।

ज्योति और विनीता कर सकती हैं आत्मसमर्पण
शिक्षक अवधेश सिंह के भाई रमेश ने बताया कि ज्योति और विनीता बहुत ही शातिर किस्म की औरतें हैं। वे पुलिस से छिपकर कभी भी कोर्ट में आत्मसमर्पण कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि यदि कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया तो दोनों महिलाओं से पुलिस सच नहीं उगलवा सकेगी। उन्होंने आशंका जताई है कि फरार अन्य हत्यारोपी भी बरेली में कभी भी आत्मसमर्पण कर सकते हैं। उन्होंने बरेली के एसएसपी से हत्यारोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

चोरी के मामले में जेल गया चीकू
बदमाश चीकू को नारखी पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। वहां की पुलिस ने उसे ज्वैलर्स के यहां हुई चोरी के मामले में जेल भेजा है। अब बरेली पुलिस उसे रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र देगी। रिमांड पर लेने के बाद कत्ल से संबंधित अन्य राज उगलवाएगी। इंस्पेक्टर इज्जतनगर ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेने के बाद पूछताछ की जाएगी। किस तरह वह यहां पहुंचा और शव को लेकर फिरोजाबाद कैसे पहुंचा? अन्य तथ्यों की भी जानकारी पुलिस जुटाएगी।

शिक्षक हत्याकांड में शामिल चीकू को फिरोजाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसने शिक्षक की हत्या की बात भी स्वीकार की है। फिरोजाबाद पुलिस ने उसे चोरी के मामले में जेल भेज दिया है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस उसे रिमांड पर बरेली लाएगी। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी, बरेली

संबंधित समाचार