IPL 2020: कोलकाता को चेन्नई से रहना होगा सतर्क

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुबई। कोलकाता नाईट राइडर्स को आईपीएल में गुरूवार को होने वाले अपने महत्वपूर्ण मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स से सतर्क रहना होगा तभी उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें बनी रह पाएंगी। कोलकाता इस समय तालिका में 12 मैचों में छह जीत, छह हार और 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में …

दुबई। कोलकाता नाईट राइडर्स को आईपीएल में गुरूवार को होने वाले अपने महत्वपूर्ण मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स से सतर्क रहना होगा तभी उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें बनी रह पाएंगी। कोलकाता इस समय तालिका में 12 मैचों में छह जीत, छह हार और 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में जीत उसे प्लेऑफ की दहलीज पर ला खड़ा करेगी।

हालांकि कोलकाता को प्लेऑफ सुनिश्चित करने के लिए उसे अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे। कोलकाता को चेन्नई के बाद राजस्थान रॉयल्स से मुकाबला खेलना है। कोलकाता यदि दो मैचों में एक मैच ही जीत पाती है तो उसके 14 अंक ही रहेंगे और फिर उसे कुछ टीमों के साथ 14 अंकों पर नेट रन रेट की जटिलता से गुजरना पड़ सकता है।

प्लेऑफ की होड़ से लगभग बाहर हो चुकी महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई की टीम अब अपने बचे दो मैचों में दूसरी टीमों का खेल खराब कर सकती है। चेन्नई ने अपने पिछले मुकाबले में विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराया था और अब वह कोलकाता के लिए भी परेशानी खड़ी कर सकती है।

गत उपविजेता चेन्नई 12 मैचों में मात्र चार जीत और आठ अंकों के साथ आठवें और अंतिम स्थान पर है। चेन्नई के पास अब गंवाने के लिए कुछ नहीं है जबकि हार से कोलकाता का सफर मुश्किल हो सकता है। चेन्नई के लिए बचे हुए मैच सम्मान की लड़ाई है ताकि वह टूर्नामेंट का समापन कुछ बेहतर स्थिति के साथ करे। चेन्नई को कोलकाता के बाद अपना आखिरी मुकाबला किंग्स इलेवन पंजाब से खेलना है।

 

संबंधित समाचार