शाहजहाँपुर: जिला पंचायत सदस्य पर दबंगों ने तानी रायफल, मची अफरा-तफरी, एक व्यक्ति हिरासत में, पूछताछ जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहाँपुर (मदनापुर), अमृत विचार। मत पेटिका सील कराने पहुंचे जिला पंचायत सदस्य पर दबंगों ने मतदान केंद्र के बाहर घेरकर रायफल तान दी, जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। भरे बाजार राइफल तानने से आक्रोशित भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ सदर ने भीड़ को समझा बुझाकर शांत किया। पुलिस ने एक आरोपित को राइफल सहित हिरासत में ले लिया जबकि उसके अन्य साथी भाग गए। इस मामले में जिला पंचायत सदस्य ने नामजद तहरीर पुलिस को दी है।

जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव अली अकबर नवादा निवासी जिला पंचायत सदस्य अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया की मदनापुर द्वितीय वार्ड संख्या 36 से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी दयाराम के अभिकर्ता बने और मंगलवार शाम करीब पांच बजे वह गाड़ी से मदनापुर स्थित मतदान केंद्र पर मतपेटी सील कराने के लिए पहुंचे। जहां मतदान केंद्र के बाहर पहले से मौजूद मदनापुर के गांव मथाना निवासी एक व्यक्ति अपने चार पांच अन्य साथियों के साथ हाथों में असलहे लेकर आ गया और राइफल उनके ऊपर तान दी। 

इस दौरान मौके पर तमाम भीड़ जमा हो गई।अभिषेक प्रताप ने फोन द्वारा घटना की सूचना सीओ सदर व एसओ मदनापुर को दी। सूचना मिलने पर सीओ सदर वीएस वीर कुमार एवं एसओ मदनापुर अमित चौहान मौके पर पहुंच गए और भीड़ को समझा बुझाकर शांत किया।पुलिस ने इस मामले में एक युवक को लाइसेंसी राइफल सहित हिरासत में ले लिया।इस मामले में अभिषेक प्रताप सिंह द्वारा नामजद तहरीर पुलिस को दी गई है।

मतदान केंद्र के बाहर दोनों पक्षों में विवाद हुआ है। मतदान केंद्र के अंदर किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ है। मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ है। सूचना पर पहुंचकर विवाद शांत करा दिया गया।त हरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। - वीएस वीर कुमार, सीओ सदर

यह भी पढ़ें- Kanpur: नगर आयुक्त दफ्तर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं का हंगामा; पूछा- 10 दिन में आपने क्या किया? नगर आयुक्त बोले- PAC बुलाउंगा...

 

संबंधित समाचार