Paris Olympic 2024 : पेरिस ओलंपिक के समापन समारोह में मनु भाकर के साथ भारत के ध्वजवाहक होंगे पीआर श्रीजेश, IOA का ऐलान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक की शुरूआत 26 जुलाई को हुई और इसका समापन 11 अगस्त को होना है।भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने निशानेबाज मनु भाकर के साथ हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश को पेरिस ओलंपिक में समापन समारोह के लिए भारतीय दल का ध्वजवाहक नामित किया है। मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते। वहीं श्रीजेश ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली हॉकी टीम का हिस्सा हैं।

आईओए ने बयान में कहा, भारतीय ओलंपिक संघ को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि पेरिस ओलंपिक खेलों के समापन समारोह में पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर के साथ हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश संयुक्त ध्वजवाहक होंगे। आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि श्रीजेश आईओए नेतृत्व की भावनात्मक और लोकप्रिय पसंद थे। श्रीजेश ने भारतीय हॉकी टीम को ओलंपिक खेलों में लगातार दूसरा कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वह पहले ही घोषणा कर चुके थे कि पेरिस ओलंपिक के बाद वह संन्यास ले लेंगे। 

मध्यप्रदेश सरकार ने हॉकी खिलाड़ी प्रसाद को एक करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की 
मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार को हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद को एक करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की। प्रसाद ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम के सदस्य हैं। भारत ने बृहस्पतिवार को 52 साल में पहली बार स्पेन को 2-1 से हराकर ओलंपिक में अपना लगातार दूसरा कांस्य पदक जीता। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के निवासी प्रसाद को बधाई दी। प्रसाद से टेलीफोन पर बातचीत में यादव ने कहा, ‘‘यह एक अच्छा प्रदर्शन था। पूरा देश आप सभी से खुश है। इस सफलता के लिए आपको और पूरी टीम को बधाई। मध्यप्रदेश सरकार इनाम के तौर पर आपके खाते में एक करोड़ रुपये की राशि हस्तान्तरित करेगी।’’ 

ये भी पढ़ें : Paris Olympic 2024 : नीरज चोपड़ा ने कहा- ओलंपिक के कारण सर्जरी टाल रहा था लेकिन अब फैसला लेना होगा

संबंधित समाचार