औरैया में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: दो के पैर में लगी गोली...भाग रहा तीसरा साथी भी गिरफ्तार, आरोपियों पर गंभीर धाराओं के मुकदमें दर्ज
दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से हुए घायल
औरैया, अमृत विचार। पुलिस की शनिवार तड़के सुबह लूट के दो आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए। जबकि एक आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस व नकदी बरामद हुई। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
एसपी चारू निगम ने सदर कोतवाली में प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि शहर के मोहल्ला गोविंद नगर निवासी गौरव श्रीवास्तव एक अगस्त को किसी काम से ककोर गए थे। वहां से ऑटो में बैठकर घर जा रहे थे। इसी दौरान तीन लोगों ने उनकी जेब से 31 हजार रुपये पार कर दिए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार टीमों को आरोपियों की तलाश के लिए लगाया था।
सुबह तड़के लगभग ढाई बजे बेला थाना प्रभारी पंकज मिश्रा व एसओजी गांव फतेता का पुरवा मोड़ के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन लोगों को रुकने को कहा। इस पर उन्होंने बाइक को अचानक गांव फतेता का पुरवा जाने वाले रास्ते पर मोड़ दिया। अचानक बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने दोबारा फिर रुकने को कहा तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया।
पुलिस ने बचाव के लिए फायर किया और दो बदमाशों के पैर में गोली मार दी। वह घायल हो गए। जबकि भाग रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया।
पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम नीरज पुत्र वीरेंद्र, छोटू पुत्र बदन सिंह निवासीगण कंजर डेरा मंगलपुर कानपुर देहात,टिंकू उर्फ बिलउआ पुत्र इंदल निवासी पिलखनी भोगनीपुर कानपुर देहात बताया। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन तमंचे, छह कारतूस, दो फोन, एक बाइक व 5980 रुपये बरामद किए। एसपी ने पकड़ने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।
एसपी चारू निगम ने बताया कि नीरज कंजड़ व छोटुआ उर्फ सफी बेहद शातिर अपराधी है। दोनों के खिलाफ कानपुर देहात पुलिस ने वर्ष 2019 में गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। नीरज के खिलाफ 11 व छोटुआ के खिलाफ गंभीर धाराओं में सात मुकदमें अलग-अलग जनपद में दर्ज है।
