बरेली:बिल्ली ने किया ऐसा कारनामा...घंटो बिजली को तरसे लोग
केवी फीडर के इनकमिंग पैनल में बिल्ली के घुस जाने से आई समस्या
बरेली, अमृत विचार : 11 केवी के फीडर के इनकमिंग पैनल में बिल्ली के घुस जाने से सिविल लाइंस क्षेत्र के कई इलाकों में दो घंटा सप्लाई बाधित रही। शहर के अन्य इलाकों में लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग से लोग परेशान होते रहे। सिविल लाइंस प्रथम उपकेंद्र पर लगे पैनल में बरसात के मौसम में भाप आ जाती है। जिससे नमी बन जाती है। उसे दूर करने के लिए गर्म हवा फेंकने वाले हीटर लगा रखे हैं। शनिवार को फीडर के इनकमिंग पैनल में बिल्ली घुस गई। करंट की चपेट में आने से बिल्ली की मौत हो गई। वहीं, सिविल लाइंस उपकेंद्र से हेलन रोड, हेड पोस्ट आफिस, स्टेशन रोड, आवास विकास, सिविल लाइंस क्षेत्र में शनिवार दोपहर 3: 30 से लेकर साढ़े पांच बजे तक आपूर्ति बंद रही। इसके अलावा स्वालेनगर, लीची बाग, राजा कॉलोनी, मिनी बाईपास, किला छावनी, चंदन नगर, आनंद विहार, जागृति नगर आदि क्षेत्र में दोपहर 12 से 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। शाहदाना उपखंड के गुलाब बाड़ी रोड, बालजती चौराहा, कटरा चांद खां समेत अन्य जगह पर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा किला उपकेंद्र के बाकरगंज, खन्नू मोहल्ला, गढ़ी चौकी आदि जगह लोकल फाल्ट और ट्रिपिंग होने से दिक्कत रही।
