हर घर तिरंगा अभियान: जिले भर में शान से लहराया तिरंगा, सांसद-विधायकों ने निकाली तिरंगा रैली
गोंडा, अमृत विचार। 78वें स्वतंत्रता दिवस के दो दिन पहले ही मंगलवार को आन बान शान से लहरा रहे तिरंगे को देखकर हर तरफ देशभक्ति की बयार बह उठी। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को जिले भर में तिरंगा यात्रा की धूम रही। कैसरगंज सांसद व सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों ने बाइक रैली निकालकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया।
विधानसभा कटरा बाजार में भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप व विधायक बावन सिंह के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक ने कहा कि तिरंगा यात्रा निकालने का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय एकता एवं देश के प्रति समर्पण के भाव को जागृत करना है। गौरा विधानसभा में बाइक रैली का नेतृत्व गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने किया। तरबगंज में विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने तिरंगा बाइक रैली का नेतृत्व किया।

विधायक ने कहा कि देश की आस्था एवं राष्ट्रीयता का प्रतीक यह त्योहार लोगों को प्रत्येक वर्ष नई उमंग एवं उत्साह से भर देता है। कर्नलगंज में विधायक अजय सिंह ने तिरंगा बाइक रैली का नेतृत्व किया। मेहनौन में विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने बाबागंज मठ से तिरंगा निकाली जो धानेपुर स्थित पं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर समाप्त हुई।
उन्होंने कहा कि हमें देश की आजादी दिलाने वाले सभी वीर योद्धाओं को याद रखना चाहिए। यात्रा में धानेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मंशाराम वर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेषराम बारी, प्रधान संघ अध्यक्ष विनोद सिंह, मंडल अध्यक्ष संजय सिंह, मंडल महामंत्री अनुज मिश्रा, प्रधान दिनारा सालिकराम बारी समेत अन्य मौजूद रहे।

मनकापुर विधानसभा की यात्रा की शुरुआत नवाबगंज बाजार से हुई। यहां रैली ता नेतृत्व पूर्व मंत्री व मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री ने किया। कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह के नेतृत्व में बाइक के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। सभी लोग अपने हाथों में तिरंगा झंडा लिए हुए भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। तिरंगा बाइक यात्रा का संयोजन युवा मोर्चा ने किया। गोंडा सदर की तिरंगा बाइक यात्रा अंबेडकर चौराहे से शुरू होकर के पीपल चौराहे पर स्थित अमर शहीद राजेंद्र नाथ लाहिड़ी की प्रतिमा के समक्ष पहुंचकर समाप्त हुई।
ये भी पढ़ें- गोंडा: 11 स्कूलों में नहीं बन रहा मिड डे मील, भूखे लौट रहे 1166 नौनिहाल
