बदायूं: सड़क हादसे में स्कूटी सवार जनसेवा केंद्र संचालक की मौत
बरेली ले जाते समय रास्ते में युवक ने दम तोड़ा
बदायूं, अमृत विचार। दातागंज कोतवाली क्षेत्र में किसी वाहन ने शाहजहांपुर निवासी युवक की स्कूटी को टक्कर मार दी। स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन युवक को बरेली ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिला शाहजहांपुर के थाना कलान क्षेत्र के गांव बारह खुर्द निवासी आकाश दीक्षित (32) पुत्र संतोष दीक्षित जनसेवा केंद्र चलाते हैं। मंगलवार रात वह अपने जनसेवा केंद्र से स्कूटी से वापस घर जा रहे थे। थाना कलान क्षेत्र में किसी वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। आकाश दीक्षित गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। घायल को जिला अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सक ने उन्हें रेफर कर दिया। परिजन आकाश को बरेली ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
