हल्द्वानी: स्वतंत्रता दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम, फहराया राष्ट्रीय ध्वज
हल्द्वानी अमृत विचार। शहर में 78 वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। नगर निगम, उप जिला अधिकारी कार्यालय, सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय समेत तमाम सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं व विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा रोहण किया गया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करते हुए देश की अखंडता और एकता का संदेश दिया गया। तमाम विभागों के अधिकारी और कर्मचारी सुबह से ही अपने कार्यालयों में मौजूद रहे और ध्वजारोहण के साथ मिष्ठान वितरण किया गया। विभिन्न विद्यालयों से आये छात्रों ने एमबीपीजी डिग्री कॉलेज के सभागार में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक से बढ़ कर एक कार्यक्रम पेश किए। इस दौरान दर्शक भावविभोर नजर आये और छात्रों की प्रस्तुति की तारीफ की। इससे पहले छात्र भारत माता के नारे लगाते और देश भक्ति से ओतप्रोत गानों की धुन में रंग बिरंगी पोशाकों में सजधज कर रैली की शक्ल में डिग्री कॉलेज के सभागार तक पहुंचे। इस दौरान छात्रों का उत्साह देखते बन रहा था।
