लखीमपुर खीरी : रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। मैलानी-लखनऊ रेल मार्ग पर गोलागोकर्णनाथ व भल्लिया बुजुर्ग के बीच रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला है। शव की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव जिला अस्पताल की मोरर्चरी में रखवा दिया है और उसकी पहचान कराने की कोशिश कर रही है।
गोलागोकर्णनाथ-भल्लिया बुजुर्ग के मध्य अगौना के समीप रेलवे ट्रैक पर रविवार को एक 37 वर्षीय युवक का शव पड़ा देखा गया। शव देखे जाने से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उसके शव पर चोट के निशान मिले हैं। शव नग्न अवस्था में था। इससे युवक की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने के कयास लगाए जा रहे है। पुलिस भी इस आशंका से इंकार नहीं कर रही है। रेलवे स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
