अयोध्या: युवा प्रगति का मापक है और भारत के सशक्तीकरण का माध्यम- सीएम योगी
2957.66 लाख की 7 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 4819.02 लाख की लागत की 7 परियोजनाओं का किया शिलान्यास
अयोध्या, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवा हमारी प्रगति का मापक और देश के सशक्तिकरण का माध्यम है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि हम सक्षम राष्ट्र निर्माण में लगे हुए हैं। जिससे आने वाले समय में सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकें।
मुख्यमंत्री रविवार को आचार्य नरेन्द्र देव कृषि विवि कुमारगंज के परिसर में रोजगार मेला एवं टैबलेट/स्मार्ट फोन वितरण कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। निर्धारित समय दस बज कर बीस मिनट से एक घंटे विलम्ब से पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सम्बोधन की शुरुआत युवाओं में ऊर्जा भर कर की।
सीएम योगी ने कहा कि आज यह मेरे लिए अत्यंत प्रसन्नता का क्षण है कि अयोध्या के आचार्य नरेन्द्र देव के नाम पर स्थापित कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि में मुझे इस रोजगार मेला और युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए स्वामी विवेकानन्द तकनीकी सशक्तीकरण योजना अंतर्गत टैबलेट/स्मार्ट फोन वितरण एवं रोजगार मेला कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को जब कहा गया कि देश के अंदर जातिवाद की राजनीति है तो मोदी जी ने कहा कि मेरे लिए देश में केवल 4 जातियां है 4 जाति को उन्होंने ज्ञान के रूप में कहा कि ये भारत का मूल है और इसके सशक्तीकरण के लिए कार्य करना है। पहली जाति गरीब की, दूसरा है अन्नदाता किसान की, तीसरा है युवा की और चौथी जाति है आधी आबादी।
उन्होंने कहा कि इसी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए डबल इंजन सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसान समृद्ध हो उसकी आमदानी बढ़े कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि एवं प्रगतिशील किसान मिल करके प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव के नाम से स्थापित कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि आज विकास का एक मॉडल है।
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) August 18, 2024
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगस्त महीने की 5 तारीखें बेहद महत्वपूर्ण होने जा रही हैं। प्रदेश में 23, 24, 25 व 30 तथा 31 अगस्त को पुलिस भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा और ऐसा पहली बार हो रहा है जब प्रदेश में इतने बड़े स्तर पर पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित हो रही है। प्रदेश के हर जिले के युवा को इस पूर्ण पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश में होने वाली पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत बेटियों को भी नियुक्ति दी जाएगी।
उन्होंने अपराधियों, माफिया और अराजक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी को भी खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अब तो जो भी ऐसा करेगा उनकी संपत्ति जब्त कराकर जरूरतमंद में बंटवा दी जाएगी। कार्यक्रम को जनपद के प्रभारी मंत्री/कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं प्रदेश के व्यवसायिक शिक्षा कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल द्वारा भी सम्बोधित किया गया।
रोजगार मेले में प्रतिष्ठित कम्पनियों में उच्च वेतन पर चयनित होने वाले महिला व पुरुष अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये और 3415 से अधिक छात्र छात्राओं को लैपटॉप/टैबलेट वितरित किए गए। लगभग 2957.66 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 4819.02 लाख की परियोजनाओं के कार्यों का शिलान्यास भी किया।
श्री अयोध्या जी में आज जनपद स्तरीय वृहद रोजगार मेला व युवा सम्मेलन के अंतर्गत युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरण एवं स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत 3,415 से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरण हेतु आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। इस अवसर पर विभिन्न परियोजनाओं का… pic.twitter.com/EIaAmdfTCc
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 18, 2024
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा, चिकित्सा शिक्षा/चिकित्सा राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, मेयर अयोध्या महंत गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक रूदौली रामचंद्र यादव, विधायक बीकापुर डाॅ अमित सिंह चौहान, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, पूर्व विधायक मिल्कीपुर बाबा गोरखनाथ, जिलाध्यक्ष भाजपा संजीव सिंह, प्रमुख सचिव नियुक्ति/राज्यकर एम देवराज, कृषि विवि के कुलपति डाॅ बिजेन्द्र सिंह, मण्डलायुक्त गौरव दयाल, पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी चन्द्र विजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन नैय्यर, मुख्य विकास अधिकारी ऋषिराज सहित मौजूद रहे।
आचार्य नरेंद्र देव की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पौधरोपण भी किया
इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलीपैड पर उतरने के पश्चात विवि परिसर में आचार्य नरेन्द्र देव की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर चन्दन का पौधा रोपित किया। विभिन्न कम्पनियों के प्रतिनिधियों द्वारा युवाओं के लिए जा रहे साक्षात्कार स्थल का निरीक्षण कर अभ्यर्थियों एवं कम्पनी के प्रतिनिधियों से वार्तालाप भी किया। कार्यक्रम स्थल के पास कृषि विभाग द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी स्टालों का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कई परियोजनाओं का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज में विश्वविद्यालय मुख्य परिसर पर आन्तरिक मार्गो का सुदृढ़ीकरण रूपये 1095.75 लाख। विश्वविद्यालय मुख्य परिसर पर राष्ट्रीय कृषि विकास योजना स्टेन्थनिंग आफ सीड प्रोसेसिंग यूनिट का लोकार्पण रूपये 372.80 लाख। स्टेन्थनिग एण्ड माडर्नाइजेशन आफ इन्स्ट्रक्शनल फिश फार्म रूपये 337.80 लाख। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा वित्त पोषित कृषि विज्ञान केन्द्र, सुल्तानपुर पर प्रशासनिक भवन का निर्माण रुपये 151.180 लाख। राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र सुल्तानपुर का सुदृढ़ीकरण रूपये 248.70 लाख। राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र आजमगढ़-।। का सुदृढ़ीकरण रुपये 161.38 लाख। कृषि महाविद्यालय आजमगढ़ पर 50 क्षमता के महिला छात्रावास का निर्माण रूपये 589.43 लाख सहित कुल 2957.66 रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।
इन परियोजनाओं का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय मुख्य परिसर पर 500 किमी क्षमता का शिरोपरि जलाशय का निर्माण रूपये 300 लाख। विश्वविद्यालय मुख्य परिसर पर इंटरनेशनल हास्टल का शिलान्यास रुपये 300 लाख। विश्वविद्यालय मुख्य परिसर पर स्थित राप्ती छात्रावास के प्रथम तल पर 10 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण रुपये 122.97 लाख। विश्वविद्यालय मुख्य परिसर पर स्थित अमरावती छात्रावास के प्रथम तल पर 20 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण रुपये 191.05 लाख। डी-टाइप आवासों के पास डायनिंग हाल का निर्माण रुपये 255 लाख। विश्वविद्यालय एग्री टूरिज्म की स्थापना रुपये 150 लाख व विश्वविद्यालय में ऑडिटोरियम का निर्माण रुपये 3500 लाख कुल 4819.02 रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया
ये भी पढ़ें- अयोध्या: सीएम को ज्ञापन सौंपने जा रहे कांग्रेस नेता हुए हाउस अरेस्ट, जानें मामला
