लखीमपुर खीरी: प्रधान ने अपने साथियों संग मिलकर लेखपाल को जमकर पीटा, लेखपालों में रोष

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रधान समेत तीन नामजद व पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। ग्राम पंचायतों का काम निपटाकर तहसील निघासन वापस जा रहे लेखपाल को ग्राम पंचायत निबोरिया के ग्राम प्रधान झगडू ने अपने साथियों को ग्राम सिगहा मोड़ के पास रोक लिया और उनकी जमकर पिटाई की। धारदार हथियार से हमलाकर जान से मारने की कोशिश की गई।

हमलावरों ने उनका बस्ता छीन लिया। उसमे रखे सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। लेखपाल की तहरीर पर थाना सिंगाही पुलिस ने प्रधान झगडू, उनके प्रतिनिधि  वीरेंद्र वर्मा समेत तीन लोगों को नामजद कर पांच अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। 

लखीमपुर शहर निवासी लेखपाल मोहन कश्यप निघासन तहसील में तैनात हैं। उनके पास ग्राम पंचायत निबौरिया और कड़िया का चार्ज है। लेखपाल ने बताया कि घटना 16 अगस्त शाम करीब पांच बजे की है। वह दोनों ग्राम पंचायतों का सरकारी कार्य निपटाकर निघासन तहसील वापस जा रहे थे।

ग्राम सिंगहा मोड़ के पास गांव मोतीपुर निवासी हरीश पटेल, निबौरिया ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि वीरेंद्र वर्मा और प्रधान निबौरिया झगडू ने अपने अन्य पांच अज्ञात लोगों के साथ उसकी बाइक रोक ली। वह कुछ समझ पाते। इससे पहले ही बाइक की चाभी निकालकर मारपीट करने लगे। धारदार हथियार से भी जान लेवा हमला करने की कोशिश की।

घटना के दौरान तमाम राहगीर आ गए, जिन्होंने उन्हें बचाया। उन्होंने बताया कि आरोपी दबंग और गुंडा प्रवृति के हैं। इससे उनकी जान को खतरा उत्पन्न हो गया है। लेखपाल की तहरीर पर थाना सिंगाही पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

लापरवाही: दो दिन बाद दर्ज हुई रिपोर्ट

अपने कारनामों को लेकर चर्चा में रहने वाली सिंगाही पुलिस सरकारी कर्मचारियों के साथ होने वाली घटनाओं को लेकर भी गंभीर नहीं है। लेखपाल ने तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल को तहरीर दी थी। इसके बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में 48 घंटे से अधिक का समय लगा दिया। लेखपाल का मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया। 

साथी की पिटाई से लेखपालों में रोष, उठी गिरफ्तारी की मांग 

निघासन तहसील के लेखपाल मोहन कश्यप की पिटाई की जानकारी होने के बाद जिले भर के लेखपालों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। लेखपालों ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने और गैंगस्टर लगाने की मांग  एसपी से की है।

यह भी पढ़ें:-अमरोहा: तांत्रिक ने उपचार कराने आई युवती से किया दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

 

संबंधित समाचार