रुद्रपुर: भाजपा नेत्री के पुत्र पर जानलेवा हमला,मुकदमा हुआ दर्ज
रुद्रपुर, अमृत विचार। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के बेटे पर रविवार की देर रात्रि जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोसाइटी के उपाध्यक्ष ने साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियार से घर के सामने हमला किया। युवक को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया।
सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिस ने घटना की जानकारी ली और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मेट्रोपोलिस कॉलोनी निवासी भाजपा महिला मोर्चा की प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य मधु राय भाटिया के पति मनमोहन राय ने तहरीर देते हुए बताया कि 31 जुलाई को एमआरडब्ल्यू के उपाध्यक्ष विक्रांत फुटेला ने उसके बेटे पीयूष राय भाटिया को जान से मारने की धमकी दी थी। जिसको 18 अगस्त की रात्रि को अंजाम दिया गया। आरोप था कि बेटा पीयूष अपने परिवार के साथ रात्रि ग्यारह बजे हल्द्वानी से घर लौटा,तो मैनेजर विकास गुप्ता ने फोन कर उसकी लोकेशन पूछी।
आरोप था कि जैसे ही पीयूष कार से सामान उतारने लगा,तभी नकाबपोश पांच से छह धारदार हथियारों से लैस युवक आते है और जान से मारने की नीयत से हमला कर देते है। जिसमें उसका बेटा पीयूष गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को आनन फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
शिकायतकर्ता ने एमआरडब्ल्यू के उपाध्यक्ष विक्रांत फुटेला,अक्षय फुटेला,कपिल हुंडियां,मैनेजर विकास गुप्ता व अज्ञात पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सीसीटीवी में कैद घटनाक्रम की फुटेज को बरामद कर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पंतनगर थाना प्रभारी मनोज कुमार रतूडी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएंगी।
31 जुलाई को पीयूष ने दी थी तहरीर
पॉश कॉलोनी में मेट्रोपोलिस रेजिडेंशल वेलफेयर एसोसिएशन- नई मेट्रोपोलिस ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के बीच पिछले कई माह से तलवार खिची हुई थी और लोग पुरानी कार्यकारिणी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए थे। जिसमें पीयूष भी अहम भूमिका निभा रहा था,क्योंकि आरोपी विक्रांत फुटेला पुरानी कार्यकारिणी का उपाध्यक्ष भी है। भाजपा नेत्री के बेटे को आभास हो चुका था कि फुटेला उस पर हमला कर सकता है। यहीं कारण है कि पीयूष ने 31 जुलाई को तहरीर देकर जानमाल का खतरा बताया था।
वादी-प्रतिवादी की है भाजपा की पृष्ठभूमि
रविवार की देर रात्रि हुए हमला प्रकरण में नामजद विक्रांत फुटेला के परिवार की पृष्ठभूमि भाजपा की रही है। आरोपी के रिश्तेदार,चाचा भी भाजपा से जुडे है। वहीं घायल पीयूष राय भाटिया भाजा महिला मोर्चा की प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य के साथ साथ भाजपा की सक्रिय भाजपा नेत्री है और कई बड़े पदों पर भी रही है। ऐसे में सत्ताधारी पृष्ठभूमि होने के बाद क्या दोनों पक्षों में समझौता होगा या फिर कानूनी दांव पेंज खेले जाएंगे।
सोची-समझी साजिश थी हमला प्रकरण
भाजपा नेत्री के पति मनमोहन राय ने बताया कि रविवार की सुबह ही बेटा पीयूष परिवार को लेकर हल्द्वानी गया था। बताया कि हल्द्वानी रहने के दौरान भी पीयूष के मोबाइल पर कई बार सोसायटी के मैनेजर विकास गुप्ता का फोन आया था और बार बार कितने बजे आने की सूचना प्राप्त कर रहा था। यहीं कारण है कि जैसे ही बेटा सोसाइटी के मुख्य गेट पर पहुंचा और घर के सामने उतरा ही था। वैसे ही घात लगाए बैठे हमलावरों ने हमला कर दिया। इससे साफ है कि सोची-समझी साजिश के तहत ही बेटे पर जानलेवा हमला हुआ है।
