अयोध्या झूला उत्सवः विभिन्न जिलों से आए कलाकारों ने बांधा समां, किया अद्भूत प्रदर्शन 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार: सरयू किनारे स्थित राम की पैड़ी पर सोमवार की शाम संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से सावन झूला उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें अवधी और भोजपुरी लोक गीतों की फुहार में श्रद्धालु भीग कर झूलनोत्सव के रंग में रंगते रहे। 

भाततखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय लखनऊ के कलाकारों ने प्रो. रंजना द्विवेदी के नेतृत्व में सधे हुए सुरों में सावन झर लगी, लो धीरे धीरे... गाकर रिमझिम फुहारों का अहसास कराया तो रामलला को समर्पित कजरी, हरि बिनु कारी बदरिया छाई, गाकर वातावरण को भक्तिमय कर दिया। श्रद्धालु प्रस्तुतियों में खोकर राघवेंद्र सरकार के हिंडोले का आनंद अनुभव कर रहे थे। लखनऊ की डॉ. श्रेया के नेतृत्व में डॉ. श्रेया संगीत संस्थान के कलाकारों ने लोकनृत्यों के माध्यम से देवी स्तुति करके सभी को रोमांचित कर दिया। इसके बाद अयोध्या के महाराजा हनुमंत लाल को आराधना, नृत्यमय हनुमान चालीसा प्रस्तुत करके सभी को मोह लिया। जयकारों की गूंज के मध्य पारंपरिक कजरी पर लोकनृत्य करके कलाकारों ने लोगों का मनमोह लिया। 

गाजीपुर से आई भोजपुरी लोकगीतों की गायिका अलका सिंह पहाड़िया और उनके साथियों ने मंच संभाला। अपने अंदाज में राम आएंगे गाकर रामलला की आराधना के बाद प्रभु श्री राम के आराध्य भोलेनाथ को याद किया     और हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। प्रसिद्ध लोकगायक मनोहर सिंह ने भी मंच पर आकर श्रोताओं के आग्रह पर कई भजन सुना कर पूरे जन समुदाय को भावविभोर कर दिया। अयोध्या की नृत्यांगना आराधना गौतम और कलाकारों ने इसके बाद लोक नृत्य के माध्यम से एक के बाद एक कजरी, बधावा, झूला गीत और सावन गीत प्रस्तुत करके इस उत्सव को सार्थक बना दिया।

आकाशवाणी के उद्घोषक देश दीपक मिश्रा ने संचालन किया। सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति विशेष सचिव ने दीप प्रज्वलित करके किया। नगर आयुक्त अयोध्या, सीईओ अयोध्या तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और निदेशक अंतर्राष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान संतोष कुमार शर्मा ने कलाकारों को पुष्प गुच्छ और राम पटका पहनाकर उनका सम्मान किया। अतिथियों का सम्मान संस्कृति विभाग के कार्यक्रम अधिकारी कमलेश कुमार पाठक ने पुष्प गुच्छ प्रदान करके किया।

यह भी पढ़ेः Jio Plan: अब अपनी मर्जी से चुनें अपना नबंर, जियो लेकर आया है धमाकेदार स्कीम

संबंधित समाचार