हल्द्वानी: चलते-चलते बेहोश होकर गिरा पूर्व सैन्य कर्मी, मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। बैग लेकर घर से पैदल निकले पूर्व वायु सेना के कर्मचारी की मौत हो गई। वह चलते-चलते अचानक बेहोश होकर गिर गए। आनन-फानन में डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भूमिया विहार मुखानी निवासी पूर्व वायु सेना कर्मचारी पंकज बिष्ट (40 वर्ष) मूलरूप से मुखानी थाना क्षेत्र के आनंदपुर के रहने वाले थे। वह भूमिया विहार में पिता धर्म सिंह बिष्ट के साथ रहते थे। जबकि पत्नी अपने दो बच्चों के साथ जयदेव पुरम आरटीओ रोड में रहती है। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह करीब साढ़े 8 बजे वह घर से बैग लेकर निकले थे।
हरिपुर नायक स्थित शिवपुर कॉलोनी के पास अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़े। एंबुलेंस की मदद से उन्हें डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पंकज लीवर सिरोसिस से पीड़ित थे। मुखानी थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में पंकज आराम से जाते दिख रहे हैं। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी।
