लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर होगी कार्रवाई: डीएम
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला शिक्षा एवं परियोजना समिति की बैठक
बाराबंकी, अमृत विचार । बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं परियोजना समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने एआरपी व शिक्षकों द्वारा स्कूलों के कम एसेसमेंट व स्कूलों में छात्रों की कम उपस्थिति पर असन्तोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वह अपने अपने विकास खंडों में शत प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति तथा छात्रों का निपुण एसेसमेंट सुनिश्चित करें। लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर निलंबन समेत अन्य विभागीय कार्रवाई करें। उन्होंने सभी विद्यालयों में शिक्षकों, छात्रों की शत प्रतिशत उपस्थिति एवं पठन-पाठन का माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा अन्य विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा जिलाधिकारी द्वारा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अ. सुदन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अवधेश यादव, जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार देव पांडेय और सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी, सभी जिला समन्वयक, ईएमआईएस इंचार्ज और एसआरजी समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- गोंडा : धरना स्थल पर ही बैठकर डॉक्टरो ने मरीजों का किया इलाज
