बाराबंकी: सभी सुविधाओं से युक्त होगा राजकीय जिला पुस्तकालय- अवनीश कुमार सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एमएलसी, जिलाधिकारी व प्रशिक्षु आईएएस ने जिला पुस्तकालय का किया निरीक्षण

बाराबंकी, अमृत विचार। एमएलसी इंजी. अवनीश कुमार सिंह, जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार, प्रशिक्षु आईएएस काव्या सी द्वारा गुरुवार को संयुक्त रूप से राजकीय जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान सभी ने संग्रहालय, वाचनालय कक्ष एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया। राजकीय जिला पुस्तकालय की स्वच्छता, रख रखाव, व्यवस्था, सुसज्जित, शांत परिवेश एवं पाठकों की उपस्थिति देखकर सभी काफी खुश हुए। सभी ने पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. पूनम सिंह, सहयोगी शिक्षिका मीनू बाला व स्टाफ की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतनी सुव्यवस्थित एवं साफ-सुथरी लाइब्रेरी उन लोगों ने अब तक नहीं देखी।

एमएलसी इंजी. अवनीश कुमार सिंह, जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार, प्रशिक्षु आईएएस काव्या सी ने पुस्तकालय में पाठकों को बेहतर तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया व शुभकामनाएं दीं। पाठकों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विस्तार से चर्चा की व तैयारी में आ रही समस्याओं को लेकर बातचीत की। पाठकों ने पुस्तकालय के दो कक्ष में एसी के साथ वाटर कूलर, पंखे, राउटर तथा तैयारी के लिए आवश्यक पुस्तकों की कमी के बारे में जानकारी दी। जिसपर  एमएलसी एवं जिलाधिकारी ने अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से पूर्व पुस्तकालय को सभी सुविधाओं से युक्त आदर्श पुस्तकालय में परिणित करने का आश्वासन पाठकों को प्रदान किया। 

WhatsApp Image 2024-08-22 at 17.18.24_28c783ad

जिलाधिकारी ने राजकीय जिला पुस्तकालय को अपग्रेड एवं सुसज्जित करने के लिये भौतिक संसाधनों को चिन्हित कर पुस्तकालयाध्यक्ष को सूची तैयार करने के निर्देश दिए व कार्यदायी संस्था यूपी सिडको को आगणन तैयार करने के लिये कहा। राजकीय जिला पुस्तकालय को अपग्रेड एवं सुसज्जित करने एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे पाठकों के मार्गदर्शन के लिये प्रशिक्षु आईएएस काव्या सी ने पुस्तकालय में समय एवं सहयोग देने का आश्वासन दिया। एमएलसी एवं जिलाधिकारी ने पाठकों की मांग पर पुस्तकालय समय प्रातः 8 से सांय 6 बजे तक करने के लिये प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश पुस्तकालयाध्यक्ष को दिए और इसकी व्यवस्था के लिये अतिरिक्त मानव संसाधन शीघ्र उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। 

जिलाधिकारी ने शौचालय एवं प्रांगण की साफ-सफाई की व्यवस्था के लिये नगरपालिका को एक सफाई कर्मी नियुक्त करने के निर्देश दिये। साथ ही राजकीय जिला पुस्तकालय का नाम सरदार वल्लभ भाई पटेल राजकीय जिला पुस्तकालय रखने के लिये शासन को प्रस्ताव प्रेषित करने की बात भी कही। एमएलसी अवनीश कुमार सिंह ने निदेशक साईं शिक्षण संस्थान विपिन राठौड़ के साथ जनपद के समाज सेवियों व महाविद्यालय एवं विद्यालय के प्रबंधकों को राजकीय जिला पुस्तकालय से जुड़ने एवं पुस्तकालय के विकास एवं उन्नयन में सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान चिन्हित कार्यों की प्रगति एवं समीक्षा के लिए अगले सप्ताह जिला पुस्तकालय समिति की विशेष बैठक आयोजित करने के निर्देश पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. पूनम सिंह को दिए।

ये भी पढ़ें- बाराबंकी: 2 साल के 1500 हजार आवेदन ब्लॉक, टूट गई लाभ की आस, निदेशालय से लगी रोक, जानें मामला

संबंधित समाचार